गाजियाबाद में नाले के गंदे पानी में धोए जा रहे थे केले, वायरल वीडियो के बाद मचा हड़कंप

HIGHLIGHTS
- प्रशांत विहार कॉलोनी से सामने आया वायरल वीडियो, सोशल मीडिया पर तेजी से फैला।
- स्थानीय लोगों ने पुलिस में शिकायत देकर मामले की जांच की मांग की।
- वीडियो में केले के गुच्छों को नाले के पानी में डुबोते हुए दिखने का दावा।
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के लोनी इलाके से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बुधवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें प्रशांत विहार कॉलोनी स्थित एक नाले के गंदे और दूषित पानी में केले धोते हुए देखा जा रहा है।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। सावन महीने के दौरान सामने आए इस वीडियो को लेकर लोगों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है।
वायरल वीडियो में क्या दिखा?
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक युवक केले के गुच्छों को नाले के काले और गंदे पानी में डुबोते और बाहर निकालते हुए दिखाई दे रहा है। उसके पास मौजूद दो अन्य युवक उन केलों को क्रेट यानी प्लास्टिक की टोकरियों में भरते नजर आ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन केलों को बाद में आवासीय क्षेत्र में बने कोल्ड स्टोरेज में रखा जाता है और फिर बाजार में बिक्री के लिए भेज दिया जाता है। लोगों ने इस मामले की जांच की मांग की है।
सावन में मामला सामने आने से लोगों में नाराजगी
बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले लोनी क्षेत्र में जूस में मानव मूत्र मिलाकर बेचने का मामला भी सामने आया था। अब केले धोने का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई है।
लोगों का कहना है कि सावन महीने में बड़ी संख्या में श्रद्धालु व्रत रखते हैं और फलाहार के रूप में केले का सेवन करते हैं। ऐसे में दूषित पानी में फलों को धोना स्वास्थ्य के लिए खतरा पैदा कर सकता है।
शिकायतकर्ताओं ने इस मामले में आवासीय क्षेत्र में चल रहे कोल्ड स्टोरेज की जांच कराने की मांग की है।
प्रशासन ने शुरू की कार्रवाई
मामले की शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। एसीपी लोनी रामकिशन ने बताया कि नाले के पानी में केले धोने का मामला संज्ञान में आया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने खाद्य सुरक्षा विभाग को पत्र भेजा है, ताकि पूरे मामले की जांच की जा सके और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.