लक्ष्मण अहिरवार आत्महत्या मामले में राखी सावंत के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी

HIGHLIGHTS
- 16 अक्टूबर को अदालत में पेश नहीं हुई थीं राखी सावंत।
- मामले में पहले जमानती वारंट जारी किया गया था।
- लक्ष्मण की मां ने टीवी शो के दौरान अपमानित किए जाने का आरोप लगाया।
16 साल पुराने लक्ष्मण अहिरवार आत्महत्या मामले में फिल्म अभिनेत्री राखी सावंत की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अदालत में पेश नहीं होने के कारण सीजे (एफटीसी) अंजली की अदालत ने उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया है। अदालत ने पुलिस को निर्देश दिया है कि एक दिसंबर तक राखी सावंत को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाए।
जिला शासकीय अधिवक्ता (दांडिक) मृदुल कांत श्रीवास्तव के अनुसार, इस मामले में राखी सावंत को 16 अक्टूबर को अदालत में उपस्थित होना था, लेकिन वह पेश नहीं हुईं। इसके बाद अदालत ने उनके खिलाफ जमानती वारंट जारी किया था।
टीवी शो में विवाद के बाद युवक ने की थी आत्महत्या
प्रेमनगर थाना क्षेत्र के हंसारी मोहल्ले में रहने वाले 24 वर्षीय लक्ष्मण अहिरवार का अपनी पत्नी अनीता के साथ वैवाहिक विवाद चल रहा था। उस समय राखी सावंत एक निजी टीवी चैनल पर 'राखी का इंसाफ' नाम का कार्यक्रम होस्ट करती थीं। इस शो में घरेलू विवादों को सार्वजनिक मंच पर उठाया जाता था।
अनीता ने भी अपने वैवाहिक विवाद को कार्यक्रम में शामिल करने के लिए आवेदन किया था। इसके बाद कार्यक्रम के लिए अनीता और लक्ष्मण का चयन किया गया। दोनों के बीच चल रहे वैवाहिक विवाद को शो में लाइव प्रसारित किया गया था।
लक्ष्मण की मां सावित्री का आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान राखी सावंत ने उनके बेटे के लिए सार्वजनिक रूप से बेहद आपत्तिजनक शब्द का इस्तेमाल किया था। आरोप के मुताबिक, इस घटना से आहत होकर लक्ष्मण ने कार्यक्रम के प्रसारण के बाद 9 नवंबर 2010 को आत्महत्या कर ली थी।
इस मामले में प्रेमनगर थाना पुलिस ने राखी सावंत और कार्यक्रम की टीम के अन्य सदस्यों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। बाद में मामले की जांच सीपरी बाजार थाना पुलिस ने की और राखी सावंत समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.