बिजलीघर की मशीन में घुसी छिपकली, गाजियाबाद में 35 हजार घरों की बत्ती गुल; 13 घंटे बाद सप्लाई बहाल

HIGHLIGHTS
- लालकुंआ पारेषण इकाई से एचआरएम बिजलीघर की 33 केवीए हाईटेंशन लाइन का तार टूट गया था।
- फॉल्ट के कारण जिला जेल समेत कई कॉलोनियों में बिजली संकट रहा।
- करीब 30 से 35 हजार बिजली उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में लालकुंआ पारेषण इकाई से एचआरएम बिजलीघर को जाने वाली 33 केवीए हाईटेंशन लाइन का तार टूटने से जिला जेल समेत करीब एक दर्जन कॉलोनियों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई। मंगलवार सुबह 6 बजे से बाधित हुई बिजली आपूर्ति शाम करीब 7 बजे बहाल हो सकी।
30 से 35 हजार उपभोक्ता हुए प्रभावित
एचआरएम बिजलीघर से जिला जेल, आध्यात्मिक नगर, भूड़गढ़ी औद्योगिक क्षेत्र, मसूरी रेलवे स्टेशन रोड, अजीज नगर, एनएच-9 सर्विस रोड मार्केट, गांव मसूरी, ताज कॉलोनी, मुगल गार्डन, सोनी एन्क्लेव, जाफर कॉलोनी, बसरा कॉलोनी, एमजी रोड मार्केट, करीम कॉलोनी और जाकिर कॉलोनी समेत कई इलाकों में रहने वाले करीब 30 से 35 हजार बिजली उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
इन्वर्टर हुए बंद, पानी की टंकियां खाली
स्थानीय उपभोक्ता नौशेर अली बीडीसी, सहीमुद्दीन, नजर मोहम्मद, इमरान, अमित कुमार, सुनील और शराफत आदि ने बताया कि लंबे समय तक बिजली नहीं आने से घरों के इन्वर्टर बंद हो गए और पानी की टंकियां भी खाली हो गईं। गर्मी के बीच बच्चों और महिलाओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
उपभोक्ताओं का कहना है कि लालकुंआ से एचआरएम बिजलीघर की हाईटेंशन लाइन में अक्सर फॉल्ट की समस्या आती रहती है। उनका आरोप है कि तार पुराने हो चुके हैं, इसके बावजूद विभाग की ओर से इन्हें बदला नहीं जा रहा है।
सुबह छह बजे बाधित हुई थी बिजली
एचआरएम बिजलीघर के एसएसओ दयाराम ने बताया कि मंगलवार सुबह 6 बजे रोस्टिंग के दौरान आपूर्ति बंद की गई थी। इसके बाद सुबह 7 बजे जब बिजली चालू की गई तो बिजलीघर की इनकमिंग मशीन में ब्लास्ट हो गया, जिससे आपूर्ति बाधित हो गई।
उन्होंने बताया कि मशीन में एक छोटी छिपकली घुसने से फॉल्ट हुआ। इस घटना में छिपकली जल गई, लेकिन इसके कारण विभाग और उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
33 केवीए लाइन के तार टूटे
टीजी-2 अमित केसरवानी ने बताया कि इनकमिंग मशीन में फॉल्ट के कारण लालकुंआ पारेषण इकाई से एचआरएम बिजलीघर को आने वाली 33 केवीए हाईटेंशन लाइन के बम्हैटा अंडरपास के सामने दो स्थानों पर तार टूट गए, जिससे बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई।
अवर अभियंता कुंवरपाल सिंह ने बताया कि दोनों स्थानों पर टूटे तारों को जोड़ दिया गया है। बिजलीघर की इनकमिंग मशीन में मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शाम तक बाधित बिजली आपूर्ति बहाल होने की संभावना है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.