लालकृष्ण आडवाणी को अस्पताल से मिली छुट्टी, सीने में संक्रमण के चलते हुए थे भर्ती

HIGHLIGHTS
- 98 वर्षीय लालकृष्ण आडवाणी के स्वास्थ्य में सुधार।
- सीने में संक्रमण के कारण 16 अक्टूबर को अपोलो अस्पताल में हुए थे भर्ती।
- न्यूरोलॉजी के सीनियर कंसल्टेंट डॉ. विनीत सूरी की देखरेख में चल रहा था इलाज।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी के स्वास्थ्य को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। अपोलो अस्पताल ने प्रेस बयान जारी कर बताया कि एलके आडवाणी को आज अस्पताल से छुट्टी दी जा रही है। उन्हें सीने में संक्रमण के कारण 16 अक्टूबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनका इलाज न्यूरोलॉजी के सीनियर कंसल्टेंट डॉ. विनीत सूरी की देखरेख में चल रहा था। अस्पताल के मुताबिक, उनकी स्वास्थ्य स्थिति में सुधार हुआ है।
जानकारी के अनुसार, 98 वर्षीय भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी को सीने में संक्रमण (चेस्ट इन्फेक्शन) और उम्र से जुड़ी अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस दौरान वह न्यूरोलॉजी के सीनियर कंसल्टेंट डॉ. विनीत सूरी की निगरानी में थे।
मई में भी बिगड़ी थी तबीयत
भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी को इससे पहले इसी साल मई में भी उम्र से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं के कारण अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कुछ दिनों तक अस्पताल में रहने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई थी।
भारतीय जनता पार्टी के इस वरिष्ठ नेता ने तीन बार पार्टी अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। वह 1986-1990, 1993-1998 और 2004-2005 के दौरान भाजपा के अध्यक्ष रहे। इसके अलावा, उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार में 1998 से 2004 तक केंद्रीय गृह मंत्री और 2002 से 2004 तक उपप्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.