गिरिराज सिंह का राहुल गांधी पर हमला, बोले- भगवान न करे ऐसा विपक्ष का नेता मिले

HIGHLIGHTS
- गिरिराज सिंह ने संसद में हंगामे को लेकर राहुल गांधी और विपक्ष पर निशाना साधा।
- केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सांसदों को सदन की कार्यवाही और जिम्मेदारियों का ध्यान रखना चाहिए।
- महबूबा मुफ्ती पर टिप्पणी करते हुए गिरिराज सिंह ने 5 अगस्त को ऐतिहासिक दिन बताया।
पटना। भाजपा के फायरब्रांड नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बुधवार को संसद परिसर में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला।
संसद में जारी गतिरोध को लेकर उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधा और राहुल गांधी की भूमिका पर सवाल उठाए। इसी दौरान उन्होंने जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती को लेकर भी कड़ी टिप्पणी की।
'भगवान न करे राहुल गांधी जैसा विपक्ष का नेता मिले'
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी पर हमला करते हुए कहा कि देश ने कई बड़े और प्रभावशाली विपक्षी नेता देखे हैं, लेकिन राहुल गांधी जैसा दुर्भाग्यपूर्ण विपक्ष का नेता भगवान न करे कभी मिले।
उन्होंने संसद में लगातार हो रहे हंगामे और कार्यवाही बाधित होने को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा। गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया कि कुछ सांसदों को सदन की कार्यवाही और अपनी लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों की चिंता नहीं है।
उन्होंने कहा कि ऐसे सांसदों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए, जो सिर्फ अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए सदन में आते हैं और इसके बाद व्यवधान पैदा करते हैं।
महबूबा मुफ्ती पर भी साधा निशाना
छात्र आंदोलन को लेकर राहुल गांधी के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी को पहले अपना मूल्यांकन करना चाहिए और उसके बाद दूसरों को सलाह देनी चाहिए।
वहीं, जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती पर टिप्पणी करते हुए गिरिराज सिंह ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि महबूबा मुफ्ती लंबे समय तक आतंकवादियों के समर्थन में रही हैं।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने उनके साथ रहकर स्थिति सुधारने की कोशिश की, लेकिन इसमें सफलता नहीं मिली।
गिरिराज सिंह ने 5 अगस्त को देश के लिए एक महत्वपूर्ण दिन बताया। उन्होंने कहा कि जैसे स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस का महत्व है, वैसे ही 5 अगस्त भी भारतीय इतिहास का एक महान दिन है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने सरदार पटेल के सपनों को पूरा करने की दिशा में काम किया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.