रोहतास में मजदूरी विवाद में बुजुर्ग को गोली मारने का आरोप, गुस्साए ग्रामीणों ने घर फूंका

HIGHLIGHTS
- रोहतास के जोगिया गांव में मजदूरी विवाद में 60 वर्षीय चंदेश्वर चौधरी को गोली मारने का आरोप।
- घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी के घर, ट्रैक्टर और हार्वेस्टर में आग लगा दी।
- पुलिस ने मौके से दो बंदूक और गोलियां बरामद कीं, इलाके में तनाव बना हुआ है।
रोहतास। दिनारा थाना क्षेत्र के जोगिया गांव में मजदूरी के विवाद को लेकर 60 वर्षीय चंदेश्वर चौधरी को गोली मारने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक घर की बजाय दूसरे घर में मजदूरी करने के प्रतिशोध में ग्रामीण अजीत तिवारी ने इस घटना को अंजाम दिया।
घटना के बाद घायल चंदेश्वर चौधरी को अजीत तिवारी अपनी गाड़ी में बैठाकर वहां से चला गया। फिलहाल यह जानकारी नहीं मिल सकी है कि चंदेश्वर चौधरी की हालत कैसी है और उन्हें कहां ले जाया गया है।
इधर घटना से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने अजीत तिवारी के घर में आग लगा दी। इसके अलावा ट्रैक्टर, हार्वेस्टर और अन्य वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया।
मौके पर एसपी रौशन कुमार पहुंच गए हैं। कई थानों की पुलिस गांव में कैंप कर रही है और फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
घर से बंदूक लाकर की फायरिंग
ग्रामीणों के अनुसार, मनियारी निवासी चंदेश्वर चौधरी अपने पड़ोसी केदार चौधरी के साथ बाइक से जोगिया गांव पहुंचे थे।
बताया गया कि चंदेश्वर चौधरी को देखते ही अजीत तिवारी ने उन्हें अपने दरवाजे पर बुलाया। इसके बाद वह घर के अंदर गया और बंदूक लेकर बाहर आया। आरोप है कि उसने चंदेश्वर चौधरी पर गोली चला दी।
गोली लगने से चंदेश्वर चौधरी लहूलुहान होकर गिर पड़े। इसके बाद अजीत तिवारी उन्हें अपनी गाड़ी में बैठाकर वहां से चला गया।
आरोपी के घर में लगाई आग
घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने आरोपी के घर में आग लगा दी। इसके अलावा घर परिसर में खड़ी कार, ट्रैक्टर और हार्वेस्टर को भी जला दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस ने अजीत तिवारी के घर से दो बंदूक और गोलियां भी बरामद की हैं।
घटनास्थल पर चंदेश्वर चौधरी की पत्नी बिमला देवी, पुत्र दीपक चौधरी और पृथ्वी चौधरी भी पहुंच गए।
एसपी रौशन कुमार के अलावा बिक्रमगंज एसडीएम दिलीप कुमार, एसडीपीओ सिंधु शेखर सिंह और कई थानों की पुलिस मौके पर मौजूद है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.