CJP की अहम बैठक से पहले दीपके बोले- राजनीतिक दल नहीं, दबाव समूह के रूप में करेंगे काम

HIGHLIGHTS
- CJP की कोर कमेटी बैठक में आंदोलन की आगे की रणनीति पर चर्चा होगी।
- पार्टी ने कहा कि फिलहाल वह दबाव समूह के रूप में काम करेगी।
- संगठन रोजगार, शिक्षा और महंगाई जैसे युवाओं से जुड़े मुद्दों पर अभियान जारी रखेगा।
नई दिल्ली। नीट पेपर लीक मामले को लेकर आंदोलन करने वाली कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की कोर कमेटी की अहम बैठक आज महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में आयोजित की जाएगी।
बैठक से पहले सीजेपी के नेताओं ने कहा कि आंदोलन को जमीनी स्तर तक पहुंचाने और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर अभियान को आगे जारी रखा जाएगा।
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बुधवार को कहा कि फिलहाल उनकी पार्टी एक दबाव समूह (प्रेशर ग्रुप) के तौर पर काम करेगी, क्योंकि मौजूदा समय में देश को इसकी जरूरत है।
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में कोर टीम की बैठक से पहले पत्रकारों से बातचीत में दीपके ने कहा कि बैठक में मीडिया और न्यायपालिका जैसी संस्थाओं में लोगों के घटते भरोसे जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
उन्होंने बताया कि बैठक में इथेनॉल मिश्रित ईंधन और बढ़ती बेरोजगारी जैसे विषयों पर भी विचार किया जाएगा।
वहीं, सीजेपी के मुख्य प्रवक्ता सौरभ दास ने कहा कि सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक आगे भी उनके मार्गदर्शक बने रहेंगे और संगठन उनसे सलाह लेता रहेगा।
पार्टी प्रवक्ताओं ने क्या कहा?
सीजेपी की मुख्य प्रवक्ता वैष्णवी गौर ने कहा, "भाजपा और आरएसएस ने जिस तरह रैलियां कीं, वह संवाद नहीं बल्कि निर्देश देने जैसा था। हम उम्मीद करते हैं कि संवाद हो, छात्रों को डराया-धमकाया न जाए।"
उन्होंने कहा कि संगठन अपने युवा आंदोलन पर काम जारी रखेगा। यह अभियान रोजगार, शिक्षा और बढ़ती महंगाई जैसे युवाओं से जुड़े मुद्दों के आधार पर आगे बढ़ेगा।
आगे की रणनीति पर क्या बोले सौरभ दास?
सीजेपी के मुख्य प्रवक्ता सौरभ दास ने कोर कमेटी की बैठक को लेकर कहा, "हमसे सवाल पूछा गया कि प्रदर्शन की सफलता के बाद यह आंदोलन आगे किस दिशा में जाएगा। इसी को लेकर हम सभी रणनीति बनाने के लिए एकत्र हुए हैं।"
उन्होंने कहा, "हम इस पर चर्चा करेंगे और विचार करेंगे कि इसे जमीनी स्तर तक कैसे ले जाया जाए। 6 अगस्त को जब कोई ठोस फैसला होगा, तब हम अपनी आगे की रणनीति सभी को बताएंगे।"
सौरभ दास ने कहा, "यह एक आंदोलन है। देश में कई राजनीतिक दल हैं, लेकिन लोगों की पीड़ा का जवाब एक और राजनीतिक दल नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर जागरूकता है और सीजेपी इसी दिशा में काम कर रही है।"
सीजेपी के सदस्यों से मिली जानकारी के अनुसार, बैठक में संगठन की आगे की रणनीति और भविष्य के कार्यक्रमों पर चर्चा की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, यह बैठक सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके के आवास पर होगी। इसमें आंदोलन से जुड़े प्रमुख सदस्य शामिल होंगे और पिछले आंदोलन के अनुभवों के आधार पर आगे की कार्ययोजना पर विचार किया जाएगा।
कार्यकर्ताओं से मांगे गए सुझाव
सूत्रों के अनुसार, दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले महीने करीब एक महीने तक चले आंदोलन के बाद संगठन ने अपने कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों से कुछ समय परिवार के साथ बिताने को कहा था।
इसके साथ ही उन्हें छात्रों और स्वयंसेवकों से बातचीत कर उनके सुझाव जुटाने और 5 अगस्त की बैठक में उन्हें साझा करने के लिए कहा गया था।
बैठक खत्म होने के बाद सीजेपी प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी। इसमें संगठन अपनी आगामी रणनीति और आने वाले आंदोलनों या कार्यक्रमों की घोषणा कर सकता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.