गुरुग्राम में भारी बारिश से हाहाकार, 3 फीट तक पानी; 25 अगस्त को वर्क फ्रॉम होम का आदेश
By Hitesh — August 24, 2026

HIGHLIGHTS
- गुरुग्राम तहसील में 75 एमएम बारिश दर्ज की गई
- इस्लामपुर के पास करीब 4 किलोमीटर लंबा जाम लगा
- राजीव चौक पर बस और एंबुलेंस पानी में फंसी
Author: — Dainik Dehat
दिल्ली-एनसीआर। सावन के आखिरी सोमवार को सुबह से दिल्ली-एनसीआर में बारिश का दौर जारी रहा। भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ। कई स्थानों पर जलभराव और पेड़ गिरने से आवागमन बाधित हो गया, जिससे अलग-अलग इलाकों में जाम की स्थिति बन गई। सबसे ज्यादा असर गुरुग्राम में दिखाई दिया। कई क्षेत्रों में सड़कें जलमग्न हो गईं और दो से तीन फीट तक पानी भर गया।
स्थिति को देखते हुए गुरुग्राम जिलाधिकारी ने सभी कॉर्पोरेट कार्यालयों को 25 अगस्त 2026 के लिए कर्मचारियों को घर से काम करने का निर्देश दिया है। सरकारी और निजी स्कूलों व संस्थानों को भी अपने कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा देने को कहा गया है। इसका उद्देश्य सड़कों पर वाहनों का दबाव कम करना और नागरिक एजेंसियों को सड़कों व नालियों की मरम्मत तथा रखरखाव के काम में सुविधा देना है।
गुरुग्राम में भारी बारिश के चलते सोहना रोड पर व्यापक जलभराव हुआ। इस्लामपुर गांव के पास करीब चार किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इससे वाहन चालकों और यात्रियों को काफी परेशानी हुई। कई स्कूल बसें भी जलभराव वाली सड़कों पर बच्चों के साथ फंस गईं।
गुरुग्राम में 75 एमएम बारिश
गुरुग्राम में तेज बारिश के बाद जीएमडीए और नगर निगम की जल निकासी व्यवस्था पर सवाल उठे। गुरुग्राम तहसील में 75 एमएम बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद पुराने और नए गुरुग्राम के कई इलाकों में सड़कें पानी से भर गईं।
राजीव चौक पर सोहना हाईवे की ओर जाने वाली बस और एंबुलेंस पानी में फंस गईं। वहीं शीतला माता रोड पर स्कूल बस फंसने के बाद स्थानीय लोगों ने बच्चों को बाहर निकाला।
गुरुग्राम के कई इलाकों में दो से तीन फीट तक पानी
जलभराव के कारण कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा और लोगों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश से पहले जीएमडीए और नगर निगम की ओर से नालों की सफाई और जल निकासी के अतिरिक्त इंतजाम किए गए थे, इसके बावजूद कई इलाकों में दो से तीन फीट तक पानी जमा हो गया।
इससे पैदल चलने वालों के साथ वाहन चालकों को भी परेशानी हुई। सुबह करीब 10 बजे बारिश शुरू हुई और दोपहर 12 से एक बजे के बीच तेज बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई।
राजीव चौक पर बस और एंबुलेंस फंसी
राजीव चौक पर गुरुग्राम-सोहना हाईवे की सर्विस रोड पर पानी भरने से सड़क तालाब में बदल गई। यहां बस और एंबुलेंस फंस गईं, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सुभाष चौक पर सदर थाने की ओर जाने वाली सर्विस रोड पर करीब तीन फीट पानी जमा रहा। इससे वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी हुई। अतुल कटारिया चौक के पास शीतला माता रोड पर स्कूल बस पानी में फंस गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने बस में सवार बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।
समाजसेवी नवीन गोयल, अमरीक राठी और गजेंद्र गुप्ता ने सेक्टर 12 चौक पर यातायात संभाला। इसके बाद वे शीतला माता रोड पर पहुंचे और लोगों की मदद की।
गोल्फ कोर्स रोड पर भी जलभराव
गोल्फ कोर्स रोड पर भी जल निकासी की व्यवस्था प्रभावित दिखाई दी। कई स्थानों पर दो से तीन फीट तक पानी जमा होने से सोसाइटियों से बाहर निकलने वाले लोगों को परेशानी हुई। करोड़ों रुपये के फ्लैट में रहने वाले लोगों को भी जलभराव से जूझना पड़ा। रैपिड मेट्रो स्टेशन के नीचे भी पानी जमा रहा। सोहना हाईवे के कुछ हिस्सों में भी जलभराव हुआ।
बस स्टैंड और महावीर चौक पर भी बिगड़े हालात
बारिश के बाद गुरुग्राम बस स्टैंड में पानी भर गया। जलभराव के कारण रोडवेज और निजी बस संचालकों को डिपो के बाहर से यात्रियों को बैठाना पड़ा।
महावीर चौक पर पानी जमा होने से एमजी रोड की ओर से आने वाले वाहनों को जाम का सामना करना पड़ा। जलभराव के चलते महावीर चौक अंडरपास को बंद कर दिया गया।
बसई रोड, सोहना, सेक्टर-10 अस्पताल के सामने और सेक्टर-4 रेलवे रोड पर भी काफी पानी जमा हुआ। बसई रोड की दुकानों और औद्योगिक क्षेत्र, दौलताबाद और राजेंद्र पार्क में जगह-जगह जलभराव रहा। सेक्टर-10 अस्पताल के गेट के पास पानी जमा होने से मरीजों और उनके परिजनों को आने-जाने में परेशानी हुई।
बारिश के बीच सड़कों पर उतरे निगम अधिकारी
भारी बारिश के दौरान जलभराव और यातायात की स्थिति का जायजा लेने के लिए नगर निगम गुरुग्राम के वरिष्ठ अधिकारी सोमवार को फील्ड में उतरे। निगमायुक्त प्रदीप दहिया और अतिरिक्त निगमायुक्त यश जालुका ने जीएमडीए, एनएचएआई और नगर निगम के अधिकारियों के साथ जलभराव संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने बारिश के बीच शहर का दौरा किया। टीम ने झाड़सा चौक, राजीव चौक, मेदांता अंडरपास, ताऊ देवीलाल स्टेडियम, सोहना रोड और एरिया मॉल समेत विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
संबंधित खबरें
गुरुग्राम में मूसलधार बारिश से जलप्रलय जैसे हालात, 9 स्कूली बसों में 2 घंटे फंसे 300 से ज्यादा बच्चे

गुरुग्राम में CM के काफिले को काले झंडे दिखाने पर 10 पुलिसकर्मी सस्पेंड, 8 कांग्रेस कार्यकर्ता गिरफ्तार

गुरुग्राम में तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, ED कर्मचारी समेत दो दोस्तों की मौत; चालक गिरफ्तार





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.