सिक्किम में भारी बर्फबारी, आंध्र-तेलंगाना में ‘मोंथा’ तूफान का कहर; कई राज्यों में अलर्ट जारी

भारत-चीन सीमा से सटे इलाकों में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ली। सिक्किम में जोरदार बर्फबारी के कारण तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया। नाथुला, कुपुप और त्सोम्गो झील क्षेत्र में जबरदस्त बर्फबारी दर्ज की गई है। राज्य में कई जगहों पर सड़कें फिसलन भरी हो गई हैं और यातायात प्रभावित है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए ऊंचाई वाले इलाकों में पर्यटकों को यात्रा से बचने की सलाह दी है। सीमा सड़क संगठन (BRO) की टीमें सड़कों से बर्फ हटाने का काम लगातार कर रही हैं। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इतनी जल्दी बर्फबारी होना जलवायु परिवर्तन का संकेत है, क्योंकि आमतौर पर यहां नवंबर के मध्य से बर्फबारी शुरू होती है। हालांकि, बदलते मौसम से पर्यटकों में उत्साह भी देखा जा रहा है।
मोंथा तूफान से आंध्र-तेलंगाना में तबाही, कई राज्यों में बारिश का अलर्ट
चक्रवात ‘मोंथा’ का असर दक्षिण भारत में भारी तबाही लेकर आया है। आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। तेलंगाना में अलग-अलग हादसों में छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। सिद्धिपेट जिले में उफनती धारा पार करने की कोशिश में एक दंपती की मौत हो गई, जबकि अन्य जिलों में पेड़ गिरने, दीवार ढहने और जलभराव से कई जानें गईं।
वारंगल, हनमकोंडा, महबूबाबाद, करीमनगर, खम्मम और नलगोंडा समेत कई जिलों में निचले इलाके जलमग्न हैं। कुछ स्थानों पर लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
आंध्र प्रदेश में तूफान से बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। ऊर्जा मंत्री जी. रवि कुमार ने बताया कि अब तक 13 हजार बिजली पोल, तीन हजार ट्रांसफार्मर और करीब तीन हजार किलोमीटर तारें क्षतिग्रस्त हुई हैं। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने बताया कि राज्य को अब तक लगभग 5,265 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है।
अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट
मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश के कई जिलों में शनिवार से दो दिनों तक भारी बारिश और गरज-चमक की चेतावनी दी है। तवांग, पश्चिम कामेंग, लोअर सुबनसिरी और अंजॉ जिलों में बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई गई है, जबकि लोअर दिबांग वैली में भी गरज के साथ बारिश हो सकती है। विभाग के अनुसार, सोमवार से मौसम में सुधार की उम्मीद है।
झारखंड के 13 जिलों में येलो अलर्ट, तापमान में गिरावट की संभावना
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने झारखंड के 13 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। चतरा, हजारीबाग, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, दुमका समेत कई जिलों में 1 नवंबर तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। अगले कुछ दिनों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट होने की संभावना है।
उत्तर बंगाल में ऑरेंज अलर्ट, कई जिलों में तेज बारिश की चेतावनी
‘मोंथा’ तूफान के प्रभाव से उत्तर बंगाल के अलीपुरद्वार, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी, कालिम्पोंग और दार्जिलिंग जिलों में अगले 24 घंटे के भीतर तेज बारिश और गरज-चमक की संभावना है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि उत्तर दिनाजपुर के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
खराब मौसम के कारण निर्मला सीतारमण का भूटान दौरा रद्द
भारी बारिश और खराब मौसम की वजह से केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का भूटान दौरा रद्द कर दिया गया है। यह यात्रा 30 अक्तूबर से 2 नवंबर तक प्रस्तावित थी। उन्हें इस दौरान भारत-भूटान के आर्थिक सहयोग को लेकर कई महत्वपूर्ण बैठकों में भाग लेना था और भारत समर्थित परियोजनाओं का निरीक्षण भी करना था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.