IIFA 2027: टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद पहली बार पब्लिक इवेंट में दिखे सलमान, पैपराजी को दी नसीहत

HIGHLIGHTS
- सलमान खान ने पैपराजी से पीछे से तस्वीरें न लेने की अपील करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की।
- एक छोटी बच्ची को ऑटोग्राफ देने के बाद सलमान ने उसके माथे पर प्यार किया।
- करीना कपूर और शाहिद कपूर ने मुलाकात के दौरान एक-दूसरे को गले लगाया।
मुंबई। मुंबई में गुरुवार को आईफा 2027 की प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। कार्यक्रम में सलमान खान, करीना कपूर, शाहिद कपूर, वरुण धवन और पंकज त्रिपाठी समेत बॉलीवुड के कई सितारे शामिल हुए। बीते रविवार टाइगर श्रॉफ पर हमला होने के बाद सलमान खान पहली बार किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में नजर आए।
पैपराजी को सलमान ने क्या कहा?
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब सलमान खान पैपराजी के सामने पहुंचे, तो उन्होंने फोटोग्राफर्स को पीछे से तस्वीरें नहीं लेने की हिदायत दी। उन्होंने कहा, “पीछे का याद रख लेना। इतनी इज्जत तो दे ही सकते हो।”
इससे पहले सलमान खान ने बिग बॉस में भी पैपराजी के बैक शॉट लेने पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने कहा था कि आगे से अगर कोई किसी सेलिब्रिटी का पीछे से शॉट ले, तो उसे थप्पड़ मार देना।
बच्ची को दिया ऑटोग्राफ, करीना को लगाया गले
कार्यक्रम में प्रवेश करने से पहले एक छोटी बच्ची ने सलमान खान से ऑटोग्राफ मांगा। बच्ची दौड़कर सलमान के गले लग गई। ऑटोग्राफ देने के बाद सलमान ने प्यार से उसके माथे पर किस किया।
कार्यक्रम में पहुंचने के बाद सलमान ने करीना कपूर को भी गले लगाया। दोनों कलाकार कई फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं। करीना की बड़ी बहन करिश्मा कपूर भी सलमान की करीबी दोस्त हैं। सलमान और करीना के गले मिलने का वीडियो भी सामने आया, जिसे प्रशंसक पसंद कर रहे हैं।
करीना और शाहिद कपूर की मुलाकात
आईफा की प्रेस कॉन्फ्रेंस में करीना कपूर और शाहिद कपूर भी एक-दूसरे से मिले। दोनों ने गले लगकर अभिवादन किया। इससे पहले पिछले साल आईफा की प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी दोनों के बीच बातचीत हुई थी। बता दें कि करीना और शाहिद कई साल तक एक-दूसरे को डेट कर चुके हैं।
सितारों का स्टाइलिश अंदाज
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सलमान खान ब्लू ब्लेजर, डार्क टी-शर्ट और ब्लू डेनिम जींस में नजर आए। उन्होंने ब्लैक सनग्लासेस के साथ अपना लुक पूरा किया।
करीना कपूर ने ब्लैक लेदर जैकेट और मैचिंग स्कर्ट पहनी थी। ब्लैक हील्स के साथ उनका लुक पूरा हुआ। वहीं, शाहिद कपूर व्हाइट सूट और व्हाइट शर्ट में नजर आए। उन्होंने ग्रीन सनग्लासेस पहने थे।
वरुण धवन क्रीम कलर के ब्लेजर, पर्पल शर्ट और व्हाइट ट्राउजर में दिखाई दिए। उन्होंने टिंटेड सनग्लासेस के साथ अपने लुक को खास बनाया। पंकज त्रिपाठी भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए।
पंकज त्रिपाठी को किस बात का डर?
पंकज त्रिपाठी पहली बार आईफा डिजिटल अवॉर्ड्स 2027 की मेजबानी करेंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्हें चिंता है कि उनकी धीमी आवाज दर्शकों तक पहुंच पाएगी या नहीं।
पंकज ने कहा, “मुझे इसकी आदत नहीं है और मैं बहुत धीरे-धीरे बोलता हूं। अक्सर होस्टिंग में देखता हूं कि लोग चिल्लाते हैं। मुझे इस बात का डर है कि मेरी मद्धम-सी आवाज कौन सुनेगा?”
उन्होंने आगे मजाक में कहा, “मैं होस्टिंग कम, घोस्टिंग ज्यादा करूंगा। मुझसे गलतियां तो होंगी।”
पंकज ने आयोजकों से स्क्रिप्ट न देने की गुजारिश भी की। उन्होंने कहा, “हमें स्क्रिप्ट मत देना, बस टाइम बता देना, कब बंद करना है। हम बंद कर देंगे..।”
वरुण धवन बोले- अवॉर्ड्स में फिल्मों को मिलनी चाहिए अहमियत
कार्यक्रम में वरुण धवन ने फिल्म अवॉर्ड समारोहों को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, “आजकल फिल्म अवॉर्ड्स में फिल्मों को छोड़कर हर बात होती है। लेकिन हम यहां फिल्मों को सेलिब्रेट करने आए हैं। एक्टर्स, परफॉर्मेंस और टेक्नीशियंस को सेलिब्रेट करने आए हैं।”
वरुण ने आगे कहा कि वह एक टेक्नीशियन के बेटे हैं और उन्हें लगता है कि पहले फिल्म बनाने वाले लोगों तथा तकनीशियनों को जितनी अहमियत मिलती थी, वह अब देखने को नहीं मिलती।
उन्होंने कहा, “इस साल हम यह सुनिश्चित करेंगे कि अवॉर्ड्स सिर्फ फिल्मों के बारे में हों। इस बार हम इसके प्रति ईमानदार रहेंगे।”
सलमान बोले- बंदूक की नोक पर करवाया था काम
आईफा की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सलमान खान ने मजाकिया अंदाज में फिल्म ‘वेलकम टू न्यूयॉर्क’ से जुड़ा किस्सा सुनाया। उन्होंने कहा कि न्यूयॉर्क में फिल्म बनाने की कोशिश की गई थी, लेकिन वह डिजास्टर साबित हुई और उसके बाद दोबारा ऐसी कोशिश नहीं हुई।
सलमान ने कहा, “हम सब उस फिल्म का हिस्सा थे। हमें अपने कमरे से निकालकर किसी और कमरे में ले गए और जबरदस्ती फिल्म में काम करवाया। ऐसा लग रहा था जैसे बंदूक की नोक पर काम करवा रहे हों। कहा गया कि ऐसा नहीं किया तो अवॉर्ड नहीं देंगे।”
उन्होंने बताया कि उन्होंने फिल्म के नहीं चलने की बात भी कही थी, लेकिन उनकी बात नहीं मानी गई। सलमान ने यह भी कहा कि करण जौहर उस फिल्म के हीरो थे। साल 2018 में रिलीज हुई इस फिल्म का नाम ‘वेलकम टू न्यूयॉर्क’ था।
सलमान ने वरुण को दी होस्टिंग पर सलाह
इस साल पहली बार आईफा होस्ट करने जा रहे वरुण धवन को सलमान खान ने मजाकिया अंदाज में सलाह दी। सलमान ने कहा, “शो होस्ट मत करो। छह घंटे निकल जाते हैं।”
इसके बाद सलमान ने अपना हुक स्टेप करके दिखाया और कहा, “बेस्ट है, ये करो और निकल जाओ। जिसका काम है, उसको करने दो।”
जब सलमान को बताया गया कि वरुण के साथ मनीष पॉल और करण जौहर भी शो होस्ट करेंगे, तो उन्होंने कहा, “हां, करण तो होस्ट करता ही है।”
मुख्य समारोह को होस्ट करेंगे चार सितारे
इस साल आईफा की मुख्य अवॉर्ड सेरेमनी की मेजबानी करण जौहर, वरुण धवन, अनन्या पांडे और मनीष पॉल मिलकर करेंगे।
वहीं, मुख्य समारोह से एक दिन पहले यानी 22 जनवरी को होने वाले आईफा डिजिटल अवॉर्ड्स को पंकज त्रिपाठी और अली फजल होस्ट करेंगे। दोनों पहली बार एक साथ किसी अवॉर्ड समारोह की एंकरिंग करेंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.