श्रीनगर में मंत्री ने छोड़ी सरकारी गाड़ी, तांगे पर बैठकर दिया ईंधन बचाने का संदेश

श्रीनगर में शनिवार को जम्मू-कश्मीर सरकार के परिवहन मंत्री सतीश शर्मा एक अलग अंदाज में नजर आए। ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए उन्होंने सरकारी गाड़ी छोड़ पारंपरिक तांगे की सवारी की। गुपकार रोड पर तांगे में सफर करते हुए मंत्री ने लोगों से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और पर्यावरण के अनुकूल साधनों को अपनाने की अपील की।
इस दौरान महाराजा हरि सिंह के परिवार से जुड़ी कुंवरानी रितु सिंह भी उनके साथ मौजूद रहीं। दोनों ने इस पहल को केवल ईंधन बचत तक सीमित न बताते हुए इसे कश्मीर की सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक पर्यटन से जोड़कर देखा।
मंत्री सतीश शर्मा ने तांगे की सवारी के दौरान कहा कि यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला द्वारा सादगी और संसाधनों के संरक्षण को लेकर दिए गए संदेश से प्रेरित है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जहां संभव हो, वहां निजी वाहनों की जगह ऐसे विकल्प अपनाने चाहिए जो पर्यावरण के लिए बेहतर हों।
उन्होंने कहा कि कश्मीर की पारंपरिक पहचान से जुड़े तांगे जैसे साधन न सिर्फ प्रदूषण कम करने में मददगार हैं, बल्कि पर्यटन को भी नया आकर्षण दे सकते हैं। मंत्री ने लोगों से प्रकृति का आनंद लेने और अनावश्यक ईंधन खर्च से बचने की सलाह दी।
वहीं कुंवरानी रितु सिंह ने इस अनुभव को खास बताते हुए कहा कि तांगे की सवारी ने उन्हें कश्मीर की पुरानी परंपराओं की याद दिला दी। उनके मुताबिक, यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय संस्कृति और सतत पर्यटन को बढ़ावा देने का भी अच्छा माध्यम है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.