IND vs SA: रोमांचक मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 17 रनों से हराया

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज का आग़ाज़ रांची के JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम में हुआ, जहां मेजबान टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 17 रनों से जीत दर्ज की। तीन मैचों की इस सीरीज में भारत ने 1-0 की बढ़त बना ली है।
पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने विराट कोहली की लाजवाब शतकीय पारी की बदौलत 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 349 रन खड़े किए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम ने मुकाबला भले ही कड़ा किया, लेकिन 49.2 ओवर में 332 पर सिमट गई।
कोहली का कमाल
टॉस दक्षिण अफ्रीका ने जीता और गेंदबाजी चुनी। भारत के लिए रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल ने पारी की शुरुआत की। जायसवाल तेज खेलते दिखे, लेकिन 18 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद क्रीज़ पर आए विराट कोहली ने रोहित शर्मा के साथ मिलकर पारी को संभाला। दोनों ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 136 रन जोड़े।
रोहित ने 57 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि कोहली ने अपने वनडे करियर का 52वां शतक जड़ दिया। 120 गेंदों का सामना करते हुए कोहली ने 11 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 135 रन बनाए। केएल राहुल ने भी 60 रन का योगदान देकर स्कोर को मजबूत आधार दिया।
काम नहीं आई जेनसेन और ब्रिट्जके की पारियां
350 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम शुरुआत में ही लड़खड़ा गई। हर्षित राणा ने दूसरे ही ओवर में रिकेलटन और डी कॉक को बिना खाता खोले चलता किया। कप्तान एडन मार्करम भी सिर्फ 7 रन बनाकर आउट हो गए।
मध्य क्रम में टोनी डी जोर्जी, मैथ्यू ब्रिट्जके और डेवाल्ड ब्रेविस ने थोड़ी चुनौती पेश की। ब्रिट्जके ने सबसे ज्यादा 72 रन बनाए, जबकि मार्को जेनसेन ने 39 गेंदों पर 70 रन की आक्रामक पारी खेलकर मुकाबले को रोमांचक बना दिया।
लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने निर्णायक समय पर विकेट निकालकर मैच को अपने पक्ष में कर लिया। कुलदीप यादव ने 4 विकेट झटके, वहीं हर्षित राणा ने 3 विकेट लेकर अफ्रीका की उम्मीदों पर विराम लगा दिया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.