इंदिरा गांधी हत्याकांड के दोषी केहर सिंह का बेटा लड़ेगा पंजाब विधानसभा चुनाव, अमृतपाल की पार्टी ने दिया टिकट

HIGHLIGHTS
- अकाली दल (वारिस पंजाब दे) ने 2027 पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अपना पहला उम्मीदवार घोषित किया है।
- पार्टी ने बस्सी पठाना विधानसभा सीट से सतवंत सिंह को चुनाव मैदान में उतारा है।
- सतवंत सिंह केहर सिंह के बेटे हैं, जिन्हें पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या की साजिश के मामले में दोषी ठहराया गया था।
पंजाब: विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच अकाली दल (वारिस पंजाब दे) ने अपने पहले उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने फतेहगढ़ साहिब की बस्सी पठाना विधानसभा सीट से सतवंत सिंह को चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया है।
सतवंत सिंह पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या की साजिश के मामले में दोषी ठहराए गए केहर सिंह के बेटे हैं। पार्टी ने मंगलवार को अमृतसर में उनके नाम की घोषणा की।
अमृतपाल के पिता ने घोषित किया उम्मीदवार
पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष और खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह ने सतवंत सिंह की उम्मीदवारी की घोषणा की। इस दौरान सांसद सरबजीत सिंह खालसा भी मौजूद रहे। पार्टी ने सतवंत सिंह को 2027 विधानसभा चुनाव के लिए अपना पहला उम्मीदवार बताया है।
पार्टी नेताओं के मुताबिक, सतवंत सिंह को टिकट देने के पीछे उन परिवारों को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने की नीति है, जिन्हें पार्टी पंथ और पंजाब के लिए संघर्ष करने वाला मानती है। तरसेम सिंह ने कहा कि ऐसे परिवारों के सम्मान को सिर्फ बयानों तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि उन्हें संगठन और राजनीति में भी उचित स्थान मिलना चाहिए।
बस्सी पठाना में बढ़ सकती है राजनीतिक हलचल
सतवंत सिंह के नाम की घोषणा के बाद बस्सी पठाना विधानसभा सीट पर चुनावी गतिविधियां समय से पहले तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। यह सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। 2022 के विधानसभा चुनाव में यहां से आम आदमी पार्टी के रूपिंदर सिंह विधायक चुने गए थे।
वहीं, फरीदकोट के सांसद सरबजीत सिंह खालसा की बहन अमृत कौर मलोआ भी बस्सी पठाना से 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा पहले ही जाहिर कर चुकी हैं। ऐसे में पंथक राजनीति से जुड़े दो प्रमुख चेहरों की सक्रियता के चलते आने वाले समय में यह सीट पंजाब की चर्चित सीटों में शामिल हो सकती है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.