जम्मू: वित्त विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 90 वरिष्ठ अफसरों के तबादले

सरकार ने वित्त विभाग में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक बदलाव करते हुए 90 अफसरों के तबादले किए हैं। इस सूची में वित्त निदेशक, वित्त सलाहकार, मुख्य लेखा अधिकारी, उपनिदेशक और कोषाधिकारी जैसे वरिष्ठ पदों पर तैनात अधिकारी शामिल हैं। आदेश शुक्रवार को जारी किए गए और सभी तबादले तुरंत प्रभाव से लागू कर दिए गए।
कानून और न्याय विभाग के वित्त निदेशक राजेश तलवार को उत्तरी जोन लेखांकन प्रशिक्षण संस्थान, जम्मू का प्रमुख बनाया गया है। वहीं परिवहन विभाग के निदेशक वित्त रहे इम्तियाज अहमद वानी को वित्त विभाग में निदेशक संसाधन के रूप में तैनात किया गया है।
उच्च शिक्षा विभाग के अब्दुल मजीद भट को सामान्य प्रशासन विभाग में वित्त निदेशक बनाया गया है, जबकि सतनाम सिंह को पर्यटन एवं संस्कृति विभाग से हटाकर आपदा प्रबंधन और राहत विभाग में वित्त निदेशक के पद पर भेजा गया है। उन्हें परिवहन विभाग का अतिरिक्त कार्यभार भी दिया गया है।
अशोक कुमार को सामान्य प्रशासन विभाग से हटाकर खाद्य और नागरिक आपूर्ति विभाग में वित्त निदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जल शक्ति विभाग के वित्त निदेशक रहे लतीफ अहमद पोस्वाल को गृह विभाग में स्थानांतरित किया गया है। इसके अलावा, मदन लाल, मंजूर अहमद वानी, हांरून अहमद भट, इंतिखाब अहमद शेख, कुलभूषण कुमार और नीरज गुप्ता सहित कई अन्य अधिकारियों की नई तैनाती की गई है।
कई अन्य वरिष्ठ और मध्य स्तर के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के साथ-साथ अपने पुराने अतिरिक्त कार्य भी जारी रखने का निर्देश दिया गया है। इसमें दीपशिखा शर्मा, रीना, फराह अनजुम, विनीत सिंह, अल्ताफ हुसैन हजाम, शबाना आजमीन, मेहर चंद और फरहद सिद्दीकी शामिल हैं। इसके अलावा, कई मेडिकल कॉलेजों, नगर निगमों, विश्वविद्यालयों और अन्य निगमों में मुख्य लेखा अधिकारियों की पोस्टिंग भी बदली गई है।
वित्त विभाग ने सुनिश्चित किया है कि नए अफसर तुरंत कार्यभार संभालें और विभागीय कामकाज में किसी तरह की रुकावट न आए। आदेश की प्रतियां सभी संबंधित विभागों, निगमों और विश्वविद्यालयों को भेज दी गई हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.