JEE Main 2026: एक से अधिक आवेदन संख्या से परीक्षा देना पड़ेगा भारी, NTA ने दी चेतावनी

HIGHLIGHTS
- एनटीए ने जेईई मेन अभ्यर्थियों के लिए एडवाइजरी जारी की है।
- आवेदन में गलती होने पर सुधार विंडो का इंतजार करने की सलाह दी गई है।
- नया फॉर्म भरने पर केवल आखिरी आवेदन ही मान्य होगा।
नई दिल्ली। इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए होने वाली जेईई मेन परीक्षा के पहले सत्र के आवेदन के बीच नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने अभ्यर्थियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। एनटीए ने छात्रों को आगाह किया है कि परीक्षा के एक ही सत्र में एक से अधिक आवेदन संख्या के जरिए शामिल होने का प्रयास अनुचित साधनों का इस्तेमाल माना जाएगा। ऐसा करने पर उनका परिणाम रोका जा सकता है और उन्हें आगामी परीक्षाओं में शामिल होने से प्रतिबंधित भी किया जा सकता है।
एनटीए ने यह एडवाइजरी इसलिए जारी की है, क्योंकि कुछ अभ्यर्थी परीक्षा में एक से अधिक आवेदन संख्या के साथ शामिल होने का प्रयास करते हैं।
एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि आवेदन करते समय यदि किसी तरह की गलती हो जाती है, तो नया फॉर्म भरने के बजाय सुधार विंडो खुलने का इंतजार करना चाहिए। आवेदन की प्रक्रिया समाप्त होने के बाद यह विंडो खोली जाती है, जिसके दौरान अभ्यर्थी अपने आवेदन में जरूरी सुधार कर सकते हैं।
एनटीए के मुताबिक, यदि कोई अभ्यर्थी इसके बाद भी नया आवेदन करना चाहता है, तो वह ऐसा कर सकता है। हालांकि, ऐसी स्थिति में केवल उसी आवेदन को अंतिम माना जाएगा, जिसे सबसे आखिरी में भरा गया हो और जिसकी फीस जमा होने की पुष्टि भी हो गई हो।
हर बार नया आवेदन करने पर अभ्यर्थी को अलग आवेदन संख्या मिलेगी। इसलिए इससे परेशान होने की जरूरत नहीं है। हालांकि, पहले भरे गए आवेदन के लिए जमा की गई फीस न तो वापस की जाएगी और न ही नए आवेदन की फीस में समायोजित होगी।
गौरतलब है कि जेईई मेन के पहले सत्र के लिए एनटीए ने 22 नवंबर तक आवेदन मांगे हैं। वहीं, आवेदन में सुधार के लिए 27 से 29 नवंबर तक विंडो खोली जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.