झारखंड के दो गैंगस्टर विदेश में छिपकर चला रहे गिरोह, रेड कॉर्नर नोटिस जारी

HIGHLIGHTS
- दोनों अपराधियों के खिलाफ सीबीआइ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर चुकी है।
- सभी देशों के एयरपोर्ट को दोनों गैंगस्टरों के बारे में अलर्ट किया गया है।
- तकनीकी साक्ष्यों से विदेश में बैठकर गिरोह चलाने की जानकारी मिली है।
रांची। गैंगस्टर प्रिंस खान की तरह अपराधी राहुल दुबे और राहुल सिंह भी विदेश में बैठकर अपने गिरोह का संचालन कर रहे हैं। दोनों के गिरोह के शूटर रंगदारी वसूलने से लेकर गोलीबारी करने तक की वारदातों में सक्रिय हैं।
झारखंड पुलिस ने दोनों अपराधियों के बारे में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। उनके विदेश में होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की अनुशंसा की थी। इसके आधार पर सीबीआइ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर चुकी है। अब दोनों अपराधी जिस भी देश में होंगे, उनकी गिरफ्तारी हो सकेगी।
सभी देशों के एयरपोर्ट को इन दोनों अपराधियों के बारे में सतर्क कर दिया गया है। झारखंड पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि की है।
गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी और तकनीकी साक्ष्यों से इसकी जानकारी मिली है। दोनों अपराधी अंतरराष्ट्रीय नंबरों और इंटरनेट आधारित संपर्क नंबरों के जरिए अपने गुर्गों से जुड़े हुए हैं।
राहुल सिंह और राहुल दुबे के गिरोह के निशाने पर कोयला कारोबारी, बड़े व्यवसायी, ठेकेदार और कंस्ट्रक्शन से जुड़ी कंपनियां हैं। गिरोह के सदस्य इन कारोबारियों से रंगदारी मांगते हैं। रकम नहीं देने पर गोलीबारी कर दहशत फैलाने की कोशिश करते हैं।
अमन साहू के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद राहुल सिंह बना गिरोह का सरगना
मार्च 2025 में पलामू में कुख्यात अपराधी अमन साहू के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद राहुल सिंह ने गिरोह की कमान संभाल ली थी। उसने सोशल मीडिया पर इससे जुड़ी पोस्ट भी की थी, जिससे सनसनी फैल गई थी। राहुल सिंह पहले अमन साहू गिरोह में शूटर था।
अमन साहू के मारे जाने के बाद राहुल सिंह ने अपने गुर्गों के जरिए रांची, रामगढ़, पलामू, बोकारो, चतरा, हजारीबाग और लातेहार समेत कई जिलों में दहशत फैलाने की कोशिश की। वह विकास से जुड़े कार्यों और आर्थिक गतिविधियों को बाधित करने का प्रयास कर रहा है।
हालांकि, झारखंड पुलिस की लगातार कार्रवाई से गिरोह काफी हद तक कमजोर हुआ है। विदेश में होने के कारण राहुल सिंह अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
होटल पर गोलीबारी कर दहशत फैलाने की कोशिश
इसी तरह दूसरे अपराधी राहुल दुबे के गिरोह ने 29 अक्टूबर की रात हजारीबाग के मटवारी स्थित एके इंटरनेशनल होटल में ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की थी।
इस घटना के बाद अपराधियों ने सोशल मीडिया का भी सहारा लिया। राहुल दुबे के नाम से पोस्ट डालकर घटना की जिम्मेदारी ली गई और कारोबारियों को धमकी दी गई। एके इंटरनेशनल होटल के संचालक को भी जान से मारने की धमकी दी गई थी।
घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की। 30 अक्टूबर को मुठभेड़ के बाद गिरोह के पांच शूटर और हथियार आपूर्तिकर्ता जियाउल हबीब को गिरफ्तार कर लिया गया था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.