कांवड़ यात्रा के चलते मुजफ्फरनगर में मीट की दुकानें बंद, निगरानी के लिए पुलिस तैनात

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर में कांवड़ मार्ग की मीट दुकानें और नॉनवेज होटल बंद कराए गए।
- प्रशासन ने कांवड़ यात्रा की सुरक्षा और धार्मिक भावनाओं को देखते हुए लिया फैसला।
- उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी, पुलिस निगरानी में जुटी।
मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण और श्रद्धापूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कांवड़ मार्ग पर स्थित सभी मीट की दुकानों और नॉनवेज होटलों को बंद करा दिया है।
गुरुवार सुबह 10 बजे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने संयुक्त अभियान चलाकर संबंधित प्रतिष्ठानों को बंद कराया। अधिकारियों ने बताया कि कांवड़ यात्रा की पूरी अवधि तक ये दुकानें बंद रहेंगी। आदेशों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए बंद दुकानों के बाहर पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
प्रशासन का कहना है कि यह कदम कांवड़ यात्रा के दौरान गुजरने वाले करोड़ों शिवभक्तों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने और यात्रा को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से उठाया गया है।
मुजफ्फरनगर कांवड़ यात्रा का प्रमुख पड़ाव है। यहां से हरिद्वार से गंगाजल लेकर आने वाले श्रद्धालु दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों की ओर जाते हैं। इसी को देखते हुए पूरे कांवड़ मार्ग पर विशेष व्यवस्थाएं लागू की गई हैं।
पहले शराब की दुकानों को ढका गया, अब मीट की दुकानें बंद
कांवड़ यात्रा को देखते हुए प्रशासन इससे पहले कांवड़ मार्ग पर स्थित शराब की दुकानों को कपड़ों से ढकवा चुका है, ताकि यात्रा के दौरान किसी तरह की विवाद की स्थिति न बने और धार्मिक भावनाओं को ठेस न पहुंचे।
अब मीट की दुकानों और नॉनवेज होटलों को भी पूरी तरह बंद करा दिया गया है। प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है और संबंधित क्षेत्रों में पुलिस की तैनाती बढ़ाई गई है।
उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुसार पूरे सावन और कांवड़ यात्रा की अवधि तक कांवड़ मार्ग पर स्थित मीट की दुकानें बंद रहेंगी।
उन्होंने कहा कि सभी संबंधित प्रतिष्ठानों को बंद करा दिया गया है और शराब की दुकानों को भी ढकवाया गया है। प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.