ईंधन महंगाई पर केजरीवाल का केंद्र पर हमला, रूस-ईरान से सस्ता तेल खरीदने की मांग

पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी को लेकर आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से ईंधन नीति को लेकर सवाल किया और कहा कि आखिर ऐसी क्या मजबूरी है कि देश में तेल के दाम बार-बार बढ़ाए जा रहे हैं।
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि रूस और ईरान जैसे देश भारत को सस्ता तेल उपलब्ध कराने के लिए तैयार हैं, लेकिन सरकार वहां से खरीद नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में पेट्रोल और डीजल के दाम करीब साढ़े सात से आठ रुपये प्रति लीटर तक बढ़ चुके हैं। उनके मुताबिक, एक सर्वे में भी अधिकतर लोगों ने रूस और ईरान से सस्ता तेल खरीदने का समर्थन किया था।
विपक्ष ने भी उठाए सवाल
ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर विपक्ष के अन्य नेताओं ने भी सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी से सवाल करते हुए कहा कि जब सरकारी तेल कंपनियां भारी मुनाफा कमा रही हैं, तो फिर आम जनता पर अतिरिक्त बोझ क्यों डाला जा रहा है।
उन्होंने सोशल मीडिया पर आंकड़े साझा करते हुए दावा किया कि तीन सरकारी तेल कंपनियों ने वित्त वर्ष 2025-26 में कुल 77,280.65 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया, जो पिछले साल की तुलना में करीब 130 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने यह भी कहा कि जनवरी से मार्च 2026 के दौरान भी कंपनियों ने 19,470 करोड़ रुपये का लाभ दर्ज किया, जो पिछले साल की तुलना में 40 प्रतिशत अधिक है।
कांग्रेस सांसद ने सवाल उठाया कि जब कंपनियां लाभ में हैं, तो फिर कीमतें लगातार क्यों बढ़ाई जा रही हैं।
सरकार पर कांग्रेस का हमला
कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने भी सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि तेल कंपनियों के घाटे की बात सही नहीं है। उन्होंने दावा किया कि 2024 में भी कंपनियों ने करीब 81,000 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड मुनाफा कमाया था, बावजूद इसके आम जनता को महंगे दामों पर ईंधन खरीदना पड़ रहा है।
प्रमुख शहरों में ईंधन के ताजा दाम
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और पश्चिम एशिया में तनाव के चलते पिछले दो हफ्तों में चौथी बार ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं।
- दिल्ली: पेट्रोल ₹102.12, डीजल ₹95.20 (सीएनजी भी ₹1 महंगी)
- कोलकाता: पेट्रोल ₹113.51, डीजल ₹99.82
- मुंबई: पेट्रोल ₹111.21, डीजल ₹97.83
- चेन्नई: पेट्रोल ₹107.77, डीजल ₹99.55
- चंडीगढ़: पेट्रोल ₹98.12, डीजल ₹86.09
- जयपुर: पेट्रोल ₹112.66, डीजल ₹97.78
विशेषज्ञों का कहना है कि ईंधन महंगा होने से परिवहन लागत बढ़ेगी, जिसका असर आने वाले समय में महंगाई पर भी पड़ सकता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.