एमएलसी चुनाव नतीजों पर खरगे का भाजपा पर हमला, बोले- संसद भंग कर बैलेट पेपर से करा लें चुनाव

HIGHLIGHTS
- विपक्षी दलों ने CEC के खिलाफ आंदोलन की रणनीति पर चर्चा की।
- खरगे ने बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग दोहराई।
- 30 अक्तूबर को मॉक पार्लियामेंट आयोजित करने की तैयारी।
विपक्षी दलों ने 30 अक्तूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जन महाभियोग और 1 नवंबर को दिल्ली में रैली आयोजित करने की तैयारी की है। इसी सिलसिले में आज विपक्षी नेताओं की बैठक हुई। बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कई मुद्दों पर अपनी बात रखी।
कर्नाटक में एमएलसी चुनाव के नतीजों को लेकर सवाल पूछे जाने पर खरगे ने कहा कि विपक्ष अब भी बैलेट पेपर यानी मतपत्र से चुनाव कराने की मांग कर रहा है। उन्होंने कहा कि केवल इसलिए कि भाजपा चुनाव जीत रही है, विपक्ष को मैदान नहीं छोड़ना चाहिए। एक समय ऐसा भी था, जब भाजपा संसद में सिर्फ दो सीटें जीत पाई थी। कभी-कभी ऐसे नतीजे आते हैं, लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि पार्टी की कोई पकड़ नहीं है। भाजपा को अपने प्रदर्शन पर अहंकार नहीं करना चाहिए। अगर उसे अपने प्रदर्शन पर इतना भरोसा है, तो संसद भंग करके बैलेट पेपर से चुनाव कराए जाने चाहिए।
खरगे ने कहा कि विपक्ष का विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा, क्योंकि उनके अनुसार 'वोट चोरी' हुई है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर आयोग में गड़बड़ी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसी के खिलाफ विपक्ष प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने बताया कि सभी पार्टियां इस विरोध का समर्थन कर रही हैं। 30 अक्तूबर को एक 'मॉक पार्लियामेंट' यानी प्रतीकात्मक संसद आयोजित की जाएगी, जबकि 1 नवंबर को दिल्ली में रैली होगी, जिसमें देशभर से लोग शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में लोगों को जागरूक करने के लिए संघर्ष करना जरूरी है। इसी वजह से विपक्ष अपना आंदोलन जारी रखेगा।
खरगे के आवास पर इंडिया गठबंधन के नेताओं की बैठक
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित 'जनता का महाभियोग' कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर इंडिया गठबंधन के नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर बैठक की। इसमें प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश, गौरव गोगोई, महुआ मोइत्रा, डेरेक ओ’ब्रायन और जॉन ब्रिटास सहित कई विपक्षी नेता मौजूद रहे।
सूत्रों के अनुसार, इस कार्यक्रम को संसद की कार्यवाही के प्रारूप में आयोजित करने की योजना है। इसमें सत्ता पक्ष और विपक्ष की तर्ज पर सांसद अपनी बात रखेंगे। कार्यक्रम में लगभग 40 वक्ताओं के शामिल होने की संभावना है।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी कार्यक्रम को संबोधित कर सकते हैं। वहीं, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार के कार्यक्रम की अध्यक्षता करने की संभावना है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.