लुधियाना: शादी में गैंगवार, सौ राउंड फायरिंग में दो की मौत

लुधियाना के पक्खोवाल रोड स्थित बाथ कैसल पैलेस में शनिवार देर रात शादी समारोह अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। समारोह में शामिल दो प्रतिद्वंद्वी गैंगस्टर गुटों के बीच पुरानी रंजिश ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया। करीब सौ राउंड फायरिंग होने से आयोजन स्थल में अफरा-तफरी मच गई। गोलीबारी में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि समाजसेवी जेके डावर गंभीर रूप से घायल हो गए। भगदड़ के दौरान कई अन्य लोग भी घायल बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। बड़ी संख्या में लोग अपनी सुरक्षा के लिए कुर्सी-टेबलों के पीछे छिप गए, जबकि कई मेहमान जान बचाने के लिए परिसर से बाहर निकल गए। उस समय समारोह में कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां भी मौजूद थीं।
सूचना पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और थाना सदर की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन इससे पहले घायलों को अस्पताल भेजा जा चुका था। अस्पताल में महिला नीरू और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया गया। समाजसेवी जेके डावर की हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, एक मेले के ठेकेदार के बेटे की शादी के दौरान दोनों गुट भी आमंत्रित थे। पुरानी दुश्मनी के चलते समारोह में उनकी कहासुनी हो गई, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गई। नशे की हालत में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर फायरिंग शुरू कर दी।
जैसे ही गोलियां चलीं, वीआईपी मेहमानों की सुरक्षा में तैनात कर्मियों ने उन्हें तुरंत घेरे में ले लिया। हालांकि, हमलावर गैंगस्टर पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गए।
पुलिस ने घटना स्थल से सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है। एसीपी हरजिंदर सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.