वैष्णो देवी धाम पर टला बड़ा हादसा, हेलीकॉप्टर से टकराया पंछी; बाल-बाल बचे लोग

कटड़ा। माता वैष्णो देवी की यात्रा के दौरान शुक्रवार को श्रद्धालुओं से भरे हेलीकॉप्टर में एक बड़ा हादसा टल गया। सांझीछत से कटड़ा की ओर जा रहे हेलीकॉप्टर के सामने अचानक एक पक्षी टकरा गया, जिससे उसका अगला शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। पायलट ने तुरंत स्थिति को संभाला और हेलीकॉप्टर को सुरक्षित तरीके से कटड़ा हेलीपैड पर उतार दिया। इस घटना में हेलीकॉप्टर में सवार हरियाणा के छह श्रद्धालु और पायलट सहित सभी सात लोग सुरक्षित रहे।
जानकारी के अनुसार, ग्लोबल विट्रा कंपनी का हेलीकॉप्टर (फ्लाइट नंबर 33) शुक्रवार दोपहर करीब 2:15 बजे सांझीछत से कटड़ा के लिए रवाना हुआ था। कटड़ा के पास उड़ान के दौरान सामने से आए पक्षी के टकराने से अगला शीशा टूट गया। पायलट ने तुरंत नियंत्रण संभालते हुए सुरक्षित लैंडिंग कराई। हादसे के बाद श्रद्धालुओं ने पायलट की सूझबूझ की सराहना की और मां वैष्णो देवी का आभार जताया। हेलीकॉप्टर को जांच के लिए रोक दिया गया है, जबकि अन्य उड़ानें सामान्य रूप से जारी हैं।
कटड़ा में वैष्णो देवी यात्रा के दौरान हुए प्रमुख हेलीकॉप्टर हादसे
-
23 नवंबर 2015: साझीछत से कटड़ा जाते समय हेलीकॉप्टर में पक्षी से टकराने की घटना, जिसमें छह श्रद्धालु और महिला पायलट की मौत हो गई थी।
-
30 दिसंबर 2012: तकनीकी खराबी के कारण त्रिकुटा पहाड़ियों में आपात लैंडिंग; सात लोग घायल हुए, इनमें छह बद्धालु और पायलट शामिल थे।
-
2007: कटड़ा हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर की आपात लैंडिंग, सभी लोग सुरक्षित रहे।
-
1990: साझीछत के पास हुए हेलीकॉप्टर हादसे में सभी छह श्रद्धालु और पायलट की मौत हुई थी।
इस प्रकार, पिछले हादसों को ध्यान में रखते हुए पायलट की त्वरित और सुरक्षित लैंडिंग से श्रद्धालुओं की जान बच गई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.