जालौन में बड़ा सड़क हादसा: एक ही परिवार के 6 लोगों की दर्दनाक मौत

जालौन जनपद के कालपी कोतवाली क्षेत्र में सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने एक ही परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। जोल्हुपुर मोड़ के पास हुई इस दुर्घटना में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, ललितपुर जिले के महरौनी निवासी शशिकांत तिवारी अपने परिवार के साथ अयोध्या दर्शन के लिए गए थे। दर्शन के बाद सभी लोग कार से वापस उरई लौट रहे थे। सुबह करीब 6 बजे जैसे ही वाहन कालपी क्षेत्र के जोल्हुपुर मोड़ के पास पहुंचा, चालक को झपकी आ गई और कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे वाहन से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो घायलों ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। बाकी चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका उपचार जारी है।
हादसे के बाद कार में फंसे लोगों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बताया जा रहा है कि कुछ घायल करीब एक घंटे तक वाहन के अंदर ही फंसे रहे, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाहर निकाला गया। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कार में कुल 10 लोग सवार थे, जिनमें शशिकांत तिवारी, कृष्णकांत, दीपक तिवारी, हरिमोहन तिवारी, भूषण तिवारी, अंशुल तिवारी, स्वामी प्रसाद तिवारी, मनोज और देशराज सहित सभी एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही कालपी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अस्पताल में लापरवाही का आरोप
घायलों को जब मेडिकल कॉलेज लाया गया तो वहां इमरजेंसी के बाहर काफी देर तक एंबुलेंस में ही मरीजों को इंतजार करना पड़ा। आरोप है कि उस समय वार्ड बॉय मौजूद नहीं थे, जिसके चलते करीब 10 मिनट तक घायल एंबुलेंस में ही तड़पते रहे। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें बाहर निकालकर इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.