झांसी में युवती से छेड़छाड़ करने पर युवक की पिटाई, 50 मीटर पीछा कर पकड़ा

HIGHLIGHTS
- युवती स्कूटी से अपनी बहन को लेने जा रही थी।
- आरोपी की हरकतों का विरोध करने पर वह मौके से भागने लगा।
- वहां मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बनाया, जो बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
झांसी के प्रेमनगर क्षेत्र में मालगोदाम के पास रेलवे क्रॉसिंग पर युवती से छेड़छाड़ करना एक युवक को भारी पड़ गया। युवक की हरकतों से नाराज युवती ने उसका पीछा किया और करीब 50 मीटर दूर उसे पकड़ लिया। इसके बाद युवती ने आरोपी को स्कूटी से नीचे गिराकर लात-घूंसों से पिटाई कर दी। मौके पर मौजूद महिलाओं ने भी युवक को थप्पड़ मारे। पकड़े जाने के बाद आरोपी हाथ-पांव जोड़कर माफी मांगने लगा। बुधवार को घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
बहन को लेने जा रही थी युवती
जानकारी के मुताबिक, कोतवाली क्षेत्र में रहने वाली युवती मंगलवार को अपनी बहन को लेने स्कूटी से जा रही थी। जैसे ही वह मालगोदाम के पास रेलवे कॉलोनी की क्रॉसिंग पर पहुंची, स्कूटी सवार युवक ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। घबराकर युवती ने अपनी स्कूटी रोक दी और युवक की हरकत का विरोध किया।
इस दौरान वहां मौजूद कुछ लोग घटना का वीडियो बनाने लगे। लोगों को वीडियो बनाते देख आरोपी युवक भागने लगा। यह देखकर युवती ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया।
करीब 50 मीटर पीछा कर आरोपी को पकड़ा
युवती ने करीब 50 मीटर तक पीछा करने के बाद आरोपी को पकड़ लिया और उसे स्कूटी से नीचे गिरा दिया। इसके बाद उसकी लात-घूंसों से पिटाई की। घटना के दौरान मौके पर भीड़ जमा हो गई। वहां मौजूद महिलाओं ने भी आरोपी को थप्पड़ मारे। पकड़े जाने के बाद युवक हाथ जोड़कर माफी मांगने लगा।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
प्रेमनगर थाना प्रभारी शेर सिंह ने बताया कि आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.