मेरठ: युवती को फंसाकर धर्म परिवर्तन व निकाह का आरोप, पांच लोग हिरासत में

मेरठ के मवाना क्षेत्र के गांव सठला से जुड़े एक मामले में एक हिस्ट्रीशीटर पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आरोप है कि उसने खुद को हिंदू बताकर हरियाणा की एक युवती को प्रेम जाल में फंसाया, जिसके बाद उसके साथ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और कथित तौर पर जबरन धर्म परिवर्तन कराकर निकाह करने की बात सामने आई है। इस मामले में दिल्ली के थाना जामियानगर में प्राथमिकी दर्ज है। रविवार देर रात दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के परिजनों से जुड़े पांच लोगों को हिरासत में लिया है।
नवंबर 2021 में हुई थी मुलाकात
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गांव सठला निवासी फहीम, जो मवाना थाने का हिस्ट्रीशीटर बताया जाता है, की मुलाकात नवंबर 2021 में हरियाणा के बल्लभगढ़ निवासी युवती से हुई थी। आरोप है कि उसने अपनी पहचान छिपाकर खुद को हिंदू बताया और धीरे-धीरे युवती से नजदीकियां बढ़ाईं।
कुछ समय बाद दोनों की मुलाकात दिल्ली के एक होटल में हुई, जहां युवती को नशीला पदार्थ देकर उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप है। इस दौरान वीडियो बनाए जाने और ब्लैकमेलिंग का भी आरोप सामने आया है।
कई स्थानों पर रखा गया युवती को
आरोप है कि घटना के बाद युवती को कुछ समय तक मवाना के सठला गांव में और बाद में दिल्ली के जामियानगर क्षेत्र में रखा गया। इसी दौरान उसे आरोपी की वास्तविक पहचान की जानकारी हुई, लेकिन वीडियो वायरल करने की धमकी के कारण वह विरोध नहीं कर सकी।
आगे चलकर उसका कथित रूप से धर्म परिवर्तन कराकर निकाह कर दिया गया और उसका नाम भी बदल दिया गया। इस दौरान दोनों के एक बच्चे के होने की भी जानकारी सामने आई है।
जेल जाने के बाद सामने आया मामला
जानकारी के अनुसार, फरवरी 2025 में आरोपी फहीम किसी अन्य मामले में जेल चला गया और फिलहाल मेरठ जेल में बंद बताया जा रहा है। इसके बाद पीड़िता किसी तरह उसके चंगुल से निकलकर अपने परिवार के पास पहुंची और पूरी घटना बताई।
इसके बाद परिजनों ने उसे लेकर दिल्ली के थाना जामियानगर में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर मामला दर्ज किया गया।
दिल्ली पुलिस की कार्रवाई
मामले की जांच के तहत रविवार रात दिल्ली पुलिस ने मवाना पुलिस के साथ मिलकर गांव सठला में दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने आरोपी के पिता, माता, दो भाइयों और निकाह की प्रक्रिया से जुड़े एक व्यक्ति को हिरासत में लिया।
मवाना के सीओ पंकज लवानिया ने भी पुष्टि की है कि दिल्ली पुलिस गांव में कार्रवाई कर कुछ लोगों को अपने साथ ले गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.