मेरठ: हेड कांस्टेबल से मारपीट और हंगामा करने वाले 5 कांवड़ियों पर FIR, बाइक-स्कूटी सीज

HIGHLIGHTS
- मेरठ के दिल्ली-दून हाईवे पर कांवड़ियों के दो गुटों में मारपीट हुई।
- साइड लगने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया।
- बीच-बचाव करने पहुंचे हेड कांस्टेबल दिनेश के साथ भी मारपीट हुई।
- घायल कांवड़ियों और हेड कांस्टेबल को सीएचसी दौराला भेजा गया।
मेरठ: दिल्ली-दून हाईवे पर दशरथपुर गांव के पास स्थित गरम धरम होटल के सामने रविवार रात कांवड़ियों के दो गुटों के बीच हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच कांवड़ियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। घटना स्थल से बरामद बाइक और स्कूटी को भी पुलिस ने सीज कर दिया है। विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे कांवड़ियों के वेश में ड्यूटी कर रहे हेड कांस्टेबल दिनेश के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई थी।
जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात बाइक सवार कांवड़ियों की पैदल जा रहे एक कांवड़िये से साइड लगने के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और दोनों ओर से डंडे चलने लगे। दिल्ली-दून हाईवे पर अचानक हुए इस हंगामे से राहगीरों और अन्य कांवड़ियों के बीच अफरातफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर हाईवे पर कांवड़ियों के वेश में तैनात हेड कांस्टेबल दिनेश मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया। इसी दौरान एक गुट के कांवड़ियों ने उनके साथ भी अभद्रता की, धक्का-मुक्की की और मारपीट कर दी, जिससे वह घायल हो गए।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने हालात को नियंत्रित किया और घायल कांवड़ियों के साथ हेड कांस्टेबल दिनेश को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दौराला भेजा। इसके बाद पुलिस ने मौके से मिली बाइक और स्कूटी को अपने कब्जे में लेकर सीज कर दिया।
दौराला पुलिस ने इस मामले में उप निरीक्षक अभिषेक कुमार सिंह की तहरीर के आधार पर नई दिल्ली की दुग्गल कॉलोनी निवासी आयुष, सागर और विकास कुमार मिश्रा तथा जैदपुर, दोधपुर सरन बिहार निवासी सोनू और उसके साथी गुड्डू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.