मुरादाबाद: माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी ने बोर्ड परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

मुरादाबाद: माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी ने मंगलवार को शहर के विभिन्न बोर्ड परीक्षा केंद्रों का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनका पहला पड़ाव स्टेशन रोड स्थित शंकर सहाय हर सहाय कन्या इंटर कॉलेज रहा, जहां उन्होंने परीक्षा कक्षों का निरीक्षण किया और सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था की जांच की। इस दौरान कॉलेज की प्रधानाचार्या, अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक और स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी मौजूद रहे। इंटरमीडिएट अर्थशास्त्र विषय के 15 पंजीकृत परीक्षार्थियों में सभी उपस्थित पाए गए।
इसके बाद राज्यमंत्री रामरतन इंटर कॉलेज पहुंचीं। यहां 18 पंजीकृत परीक्षार्थियों में 16 उपस्थित थे। परीक्षा केंद्र पर व्यवस्थापक, अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक और स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी तैनात थे।
अंत में गुलाब देवी शाहबाद रोड स्थित डॉ. देवेंद्रपाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज पहुंचकर परीक्षा संचालन की समीक्षा की। यहां 26 पंजीकृत परीक्षार्थियों में सभी उपस्थित पाए गए।
कॉलेज प्रधानाचार्य शीतल प्रताप सिंह ने बताया कि राज्यमंत्री को सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं। निरीक्षण के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार पांडेय और तहसीलदार अंकित गिरि भी उनके साथ मौजूद रहे।
भाजपा फिर बनाएगी सरकार: गुलाब देवी
बोर्ड परीक्षा केंद्रों के दौरे के बाद गुलाब देवी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ फिर से सरकार बनाएगी। उनका कहना था कि प्रदेश में विपक्ष कमजोर है और जनता हित के मुद्दों के बजाय केवल आलोचना और शोर-शराबा करता है।
राज्यमंत्री ने यह भी बताया कि प्रदेश में 8033 परीक्षा केंद्रों पर कुल 53 लाख छात्र परीक्षा दे रहे हैं। सभी केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और बोर्ड परीक्षा अगले 15 दिनों में पूरी हो जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर विशेष ध्यान दे रहे हैं और फिर से प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.