मुजफ्फरनगर: टिकैत चौक पर भाकियू का प्रदर्शन, मूर्ति स्थापना की मांग

मुजफ्फरनगर में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के कार्यकर्ताओं ने टिकैत चौक पर पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने नगर पालिका पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए चौक की साफ-सफाई और किसान नेता स्वर्गीय महेंद्र सिंह टिकैत की प्रतिमा स्थापित न किए जाने पर नाराजगी जताई।
मंगलवार को बड़ी संख्या में भाकियू कार्यकर्ता टिकैत चौक पर एकत्र हुए और नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना था कि कई बार मांग उठाने के बावजूद अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। यहां तक कि किसान दिवस के दौरान भी यह मुद्दा सामने रखा गया था, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है।

किसानों में इस बात को लेकर खासा रोष देखा गया कि जल्द ही महेंद्र सिंह टिकैत की पुण्यतिथि आने वाली है, ऐसे में चौक की सफाई व्यवस्था और उनकी प्रतिमा की स्थापना आवश्यक है, ताकि उन्हें उचित सम्मान दिया जा सके।
भाकियू के महानगर अध्यक्ष गुलबहार मलिक ने कहा कि यदि जल्द ही इन मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगा। उन्होंने इसके लिए प्रशासन को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि अब किसान केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई चाहते हैं।
प्रदर्शन के दौरान किसानों का गुस्सा साफ तौर पर देखने को मिला और उन्होंने चेतावनी दी कि अगर मांगें अनसुनी रहीं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.