मुजफ्फरनगर: बर्थडे सेलिब्रेशन में दामाद ने चलाई गोलियां, तीन महिलाएं घायल

मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र की पंचशील कॉलोनी में सोमवार रात उस समय दहशत फैल गई जब एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान अचानक गोलियां चल गईं। बर्थडे सेलिब्रेशन के बीच रिश्तों में चल रहे तनाव ने हिंसक रूप ले लिया और एक दामाद ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी। इस घटना में परिवार की तीन महिलाएं घायल हो गईं।
घायलों की पहचान क्षमा मित्तल (50), सविता मित्तल (50) और अपूर्वा मित्तल (35) के रूप में हुई है। गोली लगने के बाद तीनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेरठ रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। उसकी लाइसेंसी रिवॉल्वर भी जब्त कर ली गई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अनंत मित्तल, जो मूल रूप से नई मंडी थाना क्षेत्र का रहने वाला है, फिलहाल देहरादून में रह रहा था। उसकी शादी लगभग 14 साल पहले पंचशील कॉलोनी निवासी राधिका मित्तल से लव मैरिज के रूप में हुई थी। हालांकि पिछले कुछ वर्षों से दोनों के बीच विवाद चल रहा था और करीब ढाई साल पहले वे अलग हो गए थे। पत्नी अपने मायके में रह रही थी, जबकि आरोपी अपने बेटे के साथ देहरादून में रह रहा था।
बताया जा रहा है कि सोमवार को वह अपने बेटे यशराज का जन्मदिन मनाने ससुराल पहुंचा था। समारोह के दौरान किसी पुराने विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते बढ़ गई। इसी दौरान आरोपी ने आपा खो दिया और फायरिंग कर दी।
फायरिंग में घायल हुई तीनों महिलाएं रिश्ते में सास, चचिया सास और सरहज बताई जा रही हैं। घटना के बाद परिवार के लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम गठित कर दी गई है।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि पूरे मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.