मुजफ्फरनगर: बुर्काधारी महिलाओं ने दुकान से चुराया सूट, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

मुजफ्फरनगर: सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित पंजाबी मार्केट की वृंदा कलेक्शन दुकान से ईद की खरीदारी के दौरान दो बुर्काधारी महिलाओं ने एक कीमती सूट चोरी कर लिया। घटना शनिवार शाम की है।
दुकानदार यश ने बताया कि शाम को सामान समेटते समय उन्हें सूट का दुपट्टा अकेला पड़ा हुआ मिला, जिससे शक हुआ। इसके बाद उन्होंने दुकान के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। वीडियो में साफ देखा गया कि दो बुर्काधारी महिलाएं दुकान में आईं। इनमें से एक ने दुकानदार को बातों में उलझाया, जबकि दूसरी ने मौका पाकर सूट चुराया और दुकान से निकल गई।
यश ने बताया कि यह पहली बार नहीं हुआ है। करीब एक महीने पहले भी इसी तरह की चोरी हुई थी, जिसमें सीसीटीवी फुटेज में इसी तरह की बुर्काधारी महिला दिखाई दी थी। उनका मानना है कि दोनों घटनाओं में वही गिरोह या महिला शामिल हो सकती है।
दुकानदार ने कहा कि त्योहारों के मौसम में महिलाएं भीड़ का फायदा उठाकर दुकानों में प्रवेश करती हैं और दुकानदारों को बातों में उलझाकर सामान चुरा लेती हैं। इस बार चोरी गया सूट हजारों रुपये का बताया जा रहा है।
इस तरह की घटनाओं ने इलाके के दुकानदारों में डर पैदा कर दिया है। इससे पहले शिव चौक के आसपास महिलाओं के पर्स छीने जाने, दुकानों से पर्स और मोबाइल चोरी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
सिविल लाइन थाना प्रभारी आशुतोष ने कहा कि उन्हें इस चोरी की जानकारी नहीं है और इस मामले में अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.