मुजफ्फरनगर: पूर्व विधायक शाहनवाज राणा के ठिकानों पर ED की रेड, तीन जगह कार्रवाई

HIGHLIGHTS
- ED की टीम सुबह करीब 8 बजे मुजफ्फरनगर पहुंची।
- कार्रवाई के दौरान 50 पुलिसकर्मियों और CRPF जवानों की तैनाती रही।
- मेरठ रोड स्थित राणा हाउस और अखबार के कार्यालय में तलाशी चल रही है।
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में पूर्व बसपा विधायक शाहनवाज राणा से जुड़े तीन ठिकानों पर सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छापेमारी की। ED की टीम सुबह करीब 8 बजे 12 गाड़ियों के साथ पहुंची। किसी को शक न हो, इसके लिए गाड़ियों पर 'बोल बम' के स्टिकर लगाए गए थे।
सुरक्षा के लिए गेट पर 50 पुलिसकर्मियों के साथ CRPF के जवान भी तैनात किए गए हैं। किसी भी व्यक्ति को परिसर के अंदर जाने या बाहर आने की अनुमति नहीं दी जा रही है। ED के अधिकारी परिसरों में दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं। जिन स्थानों पर छापेमारी चल रही है, उनमें मेरठ रोड स्थित पूर्व विधायक का आवास 'राणा हाउस', उनके अखबार का कार्यालय और मॉडल टाउन स्थित 'जम्मूदीप इंपोर्ट-एक्सपोर्ट' का ऑफिस शामिल है।
राणा हाउस में पूर्व विधायक शाहनवाज राणा के अलावा उनके चाचा और पूर्व सांसद कादिर राणा तथा पूर्व विधायक नूर सलीम राणा के भी आवास हैं। ED की कार्रवाई केवल मुजफ्फरनगर तक सीमित नहीं है। टीम गाजियाबाद और फरीदाबाद में भी छह ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
सूत्रों के अनुसार, ED ने यह कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत की है। बताया जा रहा है कि मामला इनपुट टैक्स क्रेडिट में हेराफेरी और टैक्स चोरी से जुड़ा है। ED की टीम इन सभी ठिकानों पर दस्तावेजों और अन्य सबूतों की जांच कर रही है।
हालांकि, कार्रवाई के दौरान ED अधिकारी किन दस्तावेजों या अन्य सामग्री की जांच कर रहे हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। ED की छापेमारी की खबर के बाद राजनीतिक और कारोबारी हलकों में हलचल बढ़ गई है।
GST टीम पर हमले के आरोप में जेल गए थे शाहनवाज राणा
शाहनवाज राणा और उनके चाचा कादिर राणा की स्टील फैक्ट्री में छापेमारी करने पहुंची GST टीम पर हमले के आरोप में 5 दिसंबर 2024 को शाहनवाज राणा को गिरफ्तार किया गया था। इसी दौरान कादिर राणा के बेटे शाह आजम के खिलाफ भी सिविल लाइंस थाने में फर्जी कंपनी बनाकर धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज किया गया था।
दोनों को जेल भेज दिया गया था। उन्हें पहले मुजफ्फरनगर और बाद में चित्रकूट जेल में रखा गया था। अगस्त 2025 में शाहनवाज राणा को इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत मिल गई थी। इसके बाद से वह जेल से बाहर हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.