मुजफ्फरनगर: शिव चौक स्थित कांवड़ कंट्रोल रूम के बाहर फ्लेक्स में लगी आग, बड़ा हादसा टला

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर शिव चौक कांवड़ कंट्रोल रूम के फ्लेक्स बोर्ड में शॉर्ट सर्किट से आग लगी।
- पुलिसकर्मियों ने तुरंत पानी डालकर आग पर काबू पाया, बड़ा हादसा टला।
- बिजली विभाग और फायर टीम ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।
मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा के दौरान गुरुवार सुबह शहर के संवेदनशील शिव चौक क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शिव कांवड़ मेला कंट्रोल रूम के बाहर लगे फ्लेक्स बोर्ड में अचानक आग लग गई। हालांकि, मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत पानी डालकर आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया।
जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार सुबह करीब 8:25 बजे की है। शिव चौक स्थित गोल मार्केट में आबकारी पुलिस चौकी की पहली मंजिल पर बनाए गए शिव कांवड़ मेला कंट्रोल रूम के बाहरी हिस्से में लगा फ्लेक्स बोर्ड अचानक आग की चपेट में आ गया।
इसी फ्लेक्स बोर्ड पर कांवड़ कंट्रोल रूम, खोया-पाया केंद्र और दिल्ली, हरियाणा समेत अन्य राज्यों की ओर जाने वाले कांवड़ मार्गों के दिशा संकेत लगाए गए थे।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली केबल में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना के समय ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पानी डालकर आग बुझा दी। समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो फ्लेक्स बोर्ड के साथ आसपास रखी अन्य सामग्री भी आग की चपेट में आ सकती थी।
मौके पर पहुंचे बिजली विभाग के अवर अभियंता विजय कुशवाहा ने तुरंत बिजली आपूर्ति बंद कराई और तकनीकी खराबी को ठीक कराया। वहीं, आग की सूचना मिलने पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनुराग सिंह और फायर स्टेशन अधिकारी रामकिशोर यादव भी मौके पर पहुंचे।
दोनों अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और एहतियात के तौर पर कंट्रोल रूम में दो अग्निशमन सिलेंडर रखवाए।
कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में शिवभक्तों की आवाजाही को देखते हुए प्रशासन इस घटना को गंभीरता से ले रहा है। फिलहाल स्थिति सामान्य है और कंट्रोल रूम का संचालन पहले की तरह जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.