मुजफ्फरनगर: मोहर्रम जुलूस के रूट पर विवाद, हिंदू संघर्ष समिति ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

मुजफ्फरनगर। आगामी मोहर्रम जुलूस के रूट को लेकर शहर में एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। हिंदू संघर्ष समिति ने इस संबंध में प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर जुलूस के मार्ग में बदलाव की मांग की है, ताकि किसी भी तरह के तनाव या विवाद की स्थिति से बचा जा सके।
समिति का कहना है कि वर्तमान प्रस्तावित मार्ग में जुलूस शहर के प्रमुख चौराहों—शिव चौक और हनुमान चौक—से होकर गुजरता है। समिति के संयोजक नरेंद्र पवार ने आरोप लगाया कि इन स्थानों पर, विशेषकर धार्मिक स्थलों के सामने, जुलूस के दौरान लंबे समय तक रुककर मातम किया जाता है, जिससे स्थानीय लोगों की धार्मिक भावनाएं प्रभावित होती हैं।

उन्होंने प्रशासन से यह भी आग्रह किया है कि इस वर्ष धार्मिक स्थलों को तिरपाल से ढकने की व्यवस्था न की जाए और जुलूस को उन क्षेत्रों से हटाकर किसी वैकल्पिक मार्ग से निकाला जाए, जहां संवेदनशील धार्मिक स्थल स्थित हैं।
हिंदू संघर्ष समिति के एक अन्य पदाधिकारी देशराज पंवार ने भी शहर में शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर वर्ष इन स्थानों को लेकर विवाद की स्थिति बनती है, इसलिए प्रशासन को पहले से ही वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार करना चाहिए।

समिति के पदाधिकारियों ने प्रशासन से अपील की है कि मोहर्रम से पहले इस मामले पर स्पष्ट निर्णय लिया जाए, ताकि जुलूस शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके और किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.