मुजफ्फरनगर पुलिस ने अमेजन पार्सल से सोना चोरी करने वाले गैंग के 3 सदस्य किए गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर: पुलिस ने अमेज़न कंपनी के पार्सल से सोने के सिक्के और बिस्किट चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई में तीन आरोपी पकड़े गए हैं जिनके पास करीब 6.50 लाख रुपये कीमत के सोने के सिक्के और बिस्किट बरामद हुए हैं। जबकि उनके दो साथी अभी फरार हैं।
पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह पार्सल से सामान चोरी करने के बाद उसे निरस्त कर देता और कैशबैक का बहाना बनाकर डिलीवरी कर्मचारियों का भरोसा हासिल करता था। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और शातिरों की पूरी कुंडली खंगाली जा रही है।
एसएसपी ने बताया कि 11 फरवरी को गाजियाबाद के सिहानी गेट थाना क्षेत्र के निवासी एक कंपनी सुपरवाइजर ने शिकायत दर्ज कराई थी। उनका कहना था कि वह ब्लू डार्ट कंपनी के माध्यम से अमेज़न के पार्सल मुजफ्फरनगर में डिलीवर कराते हैं। 31 जनवरी को लोकेश और नीलम सहित तीन लोगों के नाम पर सोने के सिक्कों के पांच पार्सल आए थे। आरोपियों ने इन पार्सलों से सोने के सिक्के चुराए और पैकेज को वापस कर दिया।
शनिवार को सहावली कट के पास पुलिस ने दिनेश कुमार, सूर्या और भूप सिंह को गिरफ्तार किया। उनके दो साथी अशोक और हितेश फिलहाल फरार हैं। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से 18 ग्राम के दो सोने के सिक्के, 20 ग्राम के दो सोने के बिस्किट और चार मोबाइल बरामद किए गए।
पार्सल से चोरी का तरीका
एसएसपी ने बताया कि आरोपी फर्जी मोबाइल नंबर से पहले छोटे ऑर्डर देकर डिलीवरी कर्मचारियों का भरोसा जीतते थे। हर रद्द किए गए ऑर्डर के लिए डिलीवरी ब्वॉय को 500 रुपये देते थे। इसके बाद अशोक अपने आईडीएफसी बैंक खाते से महंगे गोल्ड सिक्के और बिस्किट के ऑर्डर करते और पार्सल से चोरी कर लौटाते थे।
पुलिस का कहना है कि यह गिरोह मेरठ, गोरखपुर, मुजफ्फरनगर और प्रयागराज में भी इसी तरह की चोरी कर चुका है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.