मुजफ्फरनगर: पॉक्सो एक्ट की तीन पीड़िताओं को मिली 9 लाख रुपये की आर्थिक सहायता

मुजफ्फरनगर। मिशन शक्ति अभियान के तहत पॉक्सो एक्ट से जुड़ी तीन पीड़िताओं को सरकार की ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष योजना के अंतर्गत प्रत्येक पीड़िता को तीन-तीन लाख रुपये की सहायता स्वीकृत की गई है। कुल मिलाकर नौ लाख रुपये की राशि पीड़िताओं के पुनर्वास के लिए जारी की गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस सहायता का उद्देश्य पीड़िताओं को आर्थिक मजबूती देना, उनकी शिक्षा और भविष्य को सुरक्षित करना तथा उन्हें सामाजिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। इस पूरी प्रक्रिया में एसएसपी कार्यालय स्थित महिला सम्मान कोष शाखा की अहम भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक (क्राइम) इंदु सिद्धार्थ की देखरेख में जनपद पुलिस लगातार महिला एवं बाल अपराधों से जुड़े मामलों में पीड़ितों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए काम कर रही है।

शुक्रवार को एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने पीड़िताओं और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। उन्होंने आश्वस्त किया कि पुलिस प्रशासन पीड़िताओं की सुरक्षा, सम्मान और पुनर्वास को प्राथमिकता दे रहा है तथा भविष्य में भी पात्र लाभार्थियों को समय पर सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.