मुजफ्फरनगर: शेरपुर जंगल में बाइक सवार दो युवकों से लूटपाट, मारपीट के बाद मोबाइल लेकर फरार

HIGHLIGHTS
- गुफरान और उस्मान शहर से एक मरीज को देखकर गांव लौट रहे थे।
- जंगल के रास्ते पर हमलावरों ने दोनों के चेहरे पर टॉर्च की रोशनी डाली।
- डंडे के वार से गुफरान की बाइक का वाइजर टूट गया और उसके बाजू पर चोट आई।
मुजफ्फरनगर में शहर कोतवाली क्षेत्र के शेरपुर के जंगल में बुधवार देर रात बाइक से जा रहे दो युवकों को बदमाशों ने घेर लिया। आरोप है कि पांच से छह नकाबपोश हमलावरों ने दोनों के साथ मारपीट की, उनका मोबाइल फोन लूट लिया और मोटरसाइकिल तोड़ दी। घटना के दौरान एक युवक के बाजू पर डंडे से वार किया गया, जिससे उसे चोट आई। वारदात के बाद पुलिस को सूचना दी गई।
शेरपुर निवासी पीड़ित गुफरान ने बताया कि वह अपने साथी उस्मान के साथ मुजफ्फरनगर शहर से लौट रहा था। दोनों एक मरीज को देखने गए थे और वहां से अपने गांव शेरपुर की ओर जा रहे थे।
टॉर्च की रोशनी डालकर रोकी बाइक, फिर किया हमला
गुफरान के अनुसार, जंगल के रास्ते में बदमाशों ने उनके चेहरे पर टॉर्च की रोशनी डाली। बाइक रोकते ही एक हमलावर ने डंडे से वार कर दिया। डंडा बाइक के वाइजर पर लगा, जिससे वह टूट गया।
इसके बाद बदमाशों ने दोनों युवकों के साथ मारपीट की और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। गुफरान ने बताया कि सभी हमलावरों ने अपने चेहरे ढक रखे थे। पीड़ित ने आशंका जताई कि बदमाशों के पास हथियार भी हो सकते थे।
पांच-छह बदमाशों ने दोनों युवकों को घेरा
ग्रामीण मोहम्मद फुरकान ने बताया कि उसका भाई उस्मान एक मरीज को देखकर मुजफ्फरनगर से गांव लौट रहा था। उसके साथ गुफरान भी मौजूद था। फुरकान के मुताबिक, रास्ते में पांच से छह बदमाशों ने दोनों को रोककर उन पर हमला किया। इस दौरान उनकी मोटरसाइकिल तोड़ दी गई और मोबाइल फोन लूट लिया गया।
फुरकान ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। वहीं, गुफरान ने बताया कि वह मामले में तहरीर देने जा रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई की।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.