नागपुर में E20 पेट्रोल के खिलाफ नितिन गडकरी के घर बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, इस्तीफे की मांग

HIGHLIGHTS
- महल इलाके के चिटनवीस पार्क स्क्वायर से शुरू हुई थी यूथ कांग्रेस की रैली।
- प्रदर्शनकारियों ने E20 पेट्रोल को लेकर इसकी उपयोगिता और प्रभाव पर सवाल उठाए।
- कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने माइलेज और वाहन प्रदर्शन से जुड़ी शिकायतों का किया जिक्र।
नागपुर। E20 पेट्रोल के मुद्दे को लेकर सोमवार को यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के आवास का घेराव करने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रास्ते में ही रोक दिया, जिसके बाद कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।
यूथ कांग्रेस की यह रैली महल क्षेत्र के चिटनवीस पार्क स्क्वायर से शुरू हुई थी और इसी इलाके में स्थित गडकरी के निजी आवास तक जाने की कोशिश की गई। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने E20 पेट्रोल को लेकर इसकी उपयोगिता और व्यवहारिकता पर सवाल उठाते हुए नारेबाजी की।
पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया
केंद्रीय मंत्री के आवास के आसपास पहले से ही बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था और सुरक्षा के लिए बैरिकेड लगाए गए थे। प्रदर्शनकारियों ने आगे बढ़ने के लिए बैरिकेड पार करने की कोशिश की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस दौरान कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।
E20 पेट्रोल को लेकर कांग्रेस का गडकरी पर हमला
E20 पेट्रोल के मुद्दे पर कांग्रेस लगातार केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को घेर रही है। पार्टी का कहना है कि 29 जुलाई को संसद में E20 पेट्रोल को पूरे देश में लागू करने को लेकर गडकरी के जवाब से सवालों का समाधान होने के बजाय नए सवाल खड़े हुए हैं।
जयराम रमेश ने गिनाईं लोगों की शिकायतें
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोमवार को कहा कि गडकरी का कहना है कि E20 पेट्रोल को कई वर्षों की वैज्ञानिक जांच के बाद लागू किया गया है और इससे वाहनों को बड़े स्तर पर नुकसान पहुंचने के कोई प्रमाण नहीं मिले हैं।
जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि पिछले कई महीनों से देशभर में ग्राहक और मैकेनिक माइलेज कम होने, इंजन की कार्यक्षमता में परेशानी, E20 पेट्रोल के लंबे समय तक इस्तेमाल के प्रभाव, इंजन की अनुकूलता, कोल्ड स्टार्ट की समस्या और 2023 से पहले के वाहनों में तेजी से खराबी जैसी शिकायतें कर रहे हैं। उन्होंने पुरानी गाड़ियों में इंजेक्टर जाम होने, फ्यूल लाइन में जंग लगने और रबर के हिस्सों के खराब होने की घटनाओं का भी जिक्र किया।
कांग्रेस ने की गडकरी के इस्तीफे की मांग
वहीं, मुंबई में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने E20 पेट्रोल के मुद्दे को लेकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के इस्तीफे की मांग की।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.