नीतीश कुमार ने राजभवन में पेश किया मुख्यमंत्री पद का दावा, कल समारोह में लेंगे शपथ

पटना: बिहार विधानसभा के सेंट्रल हॉल में बुधवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक में भारतीय जनता पार्टी, जनता दल यूनाइटेड, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा और अन्य सहयोगी दलों के सभी नव निर्वाचित विधायक शामिल हुए। बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, जदयू नेता नीतीश कुमार के साथ ही चिराग पासवान, संतोष सुमन, उपेंद्र कुशवाहा, सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा की मौजूदगी रही।
बैठक की अध्यक्षता भाजपा विधायक दल के नेता चुने गए सम्राट चौधरी ने की। उन्होंने सर्वसम्मति से मुख्यमंत्री पद के लिए नीतीश कुमार का नाम प्रस्तावित किया। सभी विधायक नीतीश कुमार का समर्थन करते हुए फिर से उनका नेतृत्व स्वीकार करने के लिए तैयार हो गए। बैठक के बाद एनडीए विधायक दल ने कल होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
नीतीश कुमार ने सौंपा इस्तीफा, कल शपथ ग्रहण
बैठक के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राजभवन पहुंचे और राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को अपना इस्तीफा सौंपा। दोनों के बीच कुछ देर तक चर्चा हुई। नीतीश कुमार कल 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। समारोह गांधी मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में सुबह 11:30 बजे शुरू होगा और लगभग 12 बजे शपथ ग्रहण होगा।
चिराग पासवान बोले: जनता ने दिया भारी जनादेश
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख व केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बैठक के बाद कहा कि बिहार की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अनुभव और ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ नीति पर भरोसा जताते हुए भारी जनादेश दिया। उन्होंने कहा कि अब एनडीए की जिम्मेदारी है कि जनता के विश्वास पर खरा उतरे और अपने चुनावी वादों को पूरा करे।
कैबिनेट गठन मुख्यमंत्री तय करेंगे
बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि सरकार गठन के बाद कैबिनेट का गठन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तय करेंगे। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने भी बैठक के बाद पुष्टि की कि एनडीए विधायक दल ने सर्वसम्मति से नीतीश कुमार को नेता चुना है और शपथ ग्रहण समारोह कल होगा। वरिष्ठ भाजपा नेता मंगल पांडेय ने भी नीतीश कुमार को बधाई दी और उनके नेतृत्व में प्रदेश के समावेशी विकास और सुशासन की सराहना की।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.