छात्रसंघ चुनाव बहाली को लेकर NSUI का प्रदर्शन, गहलोत-पायलट ने सरकार पर साधा निशाना

HIGHLIGHTS
- राजस्थान में छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर NSUI के तीन छात्र नेताओं ने जयपुर में प्रदर्शन किया।
- छात्र नेताओं ने पानी की टंकी पर चढ़कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और छात्रों पर कार्रवाई का विरोध किया।
- अशोक गहलोत और सचिन पायलट ने सरकार व विश्वविद्यालय प्रशासन से छात्रों से संवाद कर समाधान निकालने की अपील की।
जयपुर। राजस्थान में पिछले चार वर्षों से बंद छात्रसंघ चुनावों को दोबारा शुरू करने की मांग को लेकर गुरुवार सुबह जयपुर में एनएसयूआई के तीन छात्र नेताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। तीनों छात्र नेता टोंक फाटक पुलिया के पास रेलवे प्रशासन की पानी की टंकी पर चढ़ गए।
प्रदर्शनकारी दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में भी केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, प्रशासन, रेलवे पुलिस, सिविल डिफेंस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं।
अधिकारियों ने टंकी पर चढ़े छात्रों से बातचीत शुरू की और उन्हें सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास किए जा रहे हैं।
तीन छात्र नेता टंकी पर चढ़े
पानी की टंकी पर चढ़ने वाले छात्रों में राजस्थान विश्वविद्यालय के एनएसयूआई प्रभारी विजयपाल कुड़ी, छात्र नेत्री वियोना जाट और छात्र नेता कोशेन खान शामिल हैं।
तीनों ने हाथों में पोस्टर लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए। उनका कहना है कि छात्रों पर की गई कार्रवाई लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है।
प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से इस्तीफे और छात्रों से माफी की मांग भी की है।
इस मामले पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है।
अशोक गहलोत ने क्या कहा?
अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि राजस्थान विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव कराने और राजस्थानी भाषा का नियमित विभाग स्थापित करने की मांग को लेकर छात्र नेता शुभम रेवाड़ पिछले सात दिनों से भूख हड़ताल पर हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से अब तक बातचीत नहीं करना असंवेदनशीलता को दिखाता है। गहलोत ने कहा कि दोनों मांगें राज्य सरकार के अधिकार क्षेत्र में आती हैं, इसलिए सरकार को तुरंत हस्तक्षेप कर सकारात्मक समाधान निकालना चाहिए।
सचिन पायलट ने भी उठाई मांग
सचिन पायलट ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि छात्र नेता शुभम रेवाड़ और वीरेन्द्र चौधरी पिछले सात दिनों से छात्रसंघ चुनाव बहाली और राजस्थानी भाषा का नियमित विभाग खोलने की मांग को लेकर धरना और भूख हड़ताल कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन युवाओं की जायज मांगों को सुनने के बजाय उनसे दूरी बना रहे हैं। पायलट ने सरकार से संवेदनशीलता दिखाते हुए छात्रों से बातचीत करने की अपील की।
छात्रों से बातचीत जारी
मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी रामधन डोबाल ने बताया कि घटनास्थल पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। छात्रों से लगातार बातचीत की जा रही है।
उन्होंने बताया कि एसडीएम भी मौके पर पहुंचकर छात्रों से वार्ता कर चुके हैं। छात्रों की मांगों से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है और उन्हें सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।
छात्रों के नीचे उतरने के बाद कार्रवाई के सवाल पर रामधन डोबाल ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों से मिलने वाले निर्देशों के अनुसार कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.