कश्मीर पर पाक पीएम के बयान पर भड़के उमर, कहा- पहले अपना घर संभालें

जम्मू। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ के कश्मीर को लेकर दिए गए बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान पहले अपने कब्जे वाले कश्मीर की स्थिति संभाले, क्योंकि वहां हालात खुद उनके नियंत्रण में नहीं हैं। ऐसे में कश्मीर को लेकर बयानबाज़ी का कोई औचित्य नहीं है।
शुक्रवार को जम्मू में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उमर अब्दुल्ला ने कहा कि पाकिस्तान के बयानों को बेवजह तवज्जो देना भी ठीक नहीं है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि जो हिस्सा उनके पास है, वह भी उनसे ठीक से नहीं संभल रहा, तो कश्मीर को लेकर दावे करना निरर्थक है। उन्होंने साफ किया कि कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है और किसी और के साथ जाने का सवाल ही नहीं उठता।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें अपने घर में संस्कार सिखाए गए हैं और जहां किसी का काम सही होता है, उसकी प्रशंसा करना गलत नहीं है। उन्होंने कहा कि देश और जम्मू-कश्मीर के हित में उठाए गए कदमों की तारीफ की जानी चाहिए, चाहे वह कोई भी प्रधानमंत्री क्यों न हो।
उमर अब्दुल्ला ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का भी उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था, सड़क नेटवर्क और जम्मू-कश्मीर के विकास के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिसकी वह हमेशा सराहना करते रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा प्रधानमंत्री अगर प्रदेश के विकास में सहयोग कर रहे हैं, तो उसके लिए धन्यवाद देना स्वाभाविक है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.