तालिब-खालिद के समर्थन में विपक्ष एकजुट, भाजपा में गुटबंदी, भारतेंद्र सिंह पड़े अकेले

बिजनौर: पूर्व सांसद भारतेंद्र सिंह पर हुए हमले के मामले में आरोपियों तालिब, खालिद और आबिद को जेल भेज दिया गया है। इस घटना के बाद पूरा विपक्ष उनके समर्थन में सामने आया है, जबकि भाजपा के अंदर गुटबंदी की झलक साफ नजर आ रही है। भाजपा के कई विधायक और पदाधिकारी इस मामले में खुलकर कोई बयान नहीं दे रहे हैं और सोशल मीडिया पर भी चुप्पी साधे हुए हैं। हालांकि, भारतेंद्र सिंह के सीधे समर्थक और कुछ कार्यकर्ता उनके पक्ष में आवाज उठा रहे हैं।
शनिवार को सपा विधायक मनोज पारस, नजीबाबाद से तसलीम अहमद और नूरपुर से रामौतार सैनी ने सपा के अन्य पदाधिकारियों के साथ मिलकर एडीएम और एसपी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इससे पहले उन्होंने प्रेस वार्ता में तालिब और उसके भाइयों पर कार्रवाई को गलत बताया। विधायक पारस ने कहा कि पिछले छह महीनों से भारतेंद्र सिंह की वजह से तालिब और उसके भाइयों पर कार्रवाई हो रही है। उनका आरोप है कि भारतेंद्र सिंह ने आरा मशीन पर जाकर माहौल बिगाड़ा, जिसके दबाव में पीड़ित पक्ष को दोबारा जेल भेजा गया। इसी मामले में नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने भी तालिब के समर्थन में बयान जारी किया है।
वहीं, भाजपा के भीतर खामोशी और गुटबंदी देखने को मिल रही है। पहले भाजयुमो जिलाध्यक्ष रोबिन चौधरी पर हमला हुआ था, तब भारतेंद्र सिंह उनके पक्ष में खड़े हुए थे। लेकिन अब उनके खुद के ऊपर हमला हुआ तो भाजपा के अधिकांश पदाधिकारी और विधायक चुप्पी साधे हुए हैं। इसके अलावा, सोशल मीडिया पर एक भाजपा जनप्रतिनिधि की फोटो वायरल हो रही है, जिसमें वह तालिब और उनके रिश्तेदारों के साथ खड़ा दिख रहा है।
कांग्रेस ने उठाए सवाल
कांग्रेस जिलाध्यक्ष हेनरिता राजीव सिंह ने बयान में कहा कि बिजनौर में रसूख के दम पर तानाशाही चल रही है, जो अब बर्दाश्त से बाहर है। उन्होंने आरोप लगाया कि तालिब प्रकरण में उत्पीड़न की हदें पार कर दी गई हैं और भाजपा के पूर्व सांसद विवादित स्थान पर जाकर लोगों को उकसाने का काम कर रहे हैं।
फेसबुक पर जुबानी जंग
मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी जुबानी जंग शुरू हो गई है। शनिवार को भारतेंद्र सिंह के करीबी संजय त्यागी ने भाजपा जिलाध्यक्ष पर मौन रहने का आरोप लगाते हुए अभद्र टिप्पणी की, हालांकि बाद में उन्होंने माफी भी मांगी। इसके अलावा अन्य लोग भी फेसबुक पर एक-दूसरे पर टीका-टिप्पणी कर रहे हैं। तालिब के समर्थन में बोलने वाली एक महिला यूट्यूबर को भी फेसबुक पर ट्रोल किया जा रहा है।
भाजपा जिलाध्यक्ष की प्रतिक्रिया
भूपेंद्र सिंह बॉबी, जिलाध्यक्ष भाजपा ने कहा, “जब रोबिन प्रकरण हुआ था, तब हमने आवाज उठाई थी। हम संगठन के लिए काम कर रहे हैं। संगठन के आदेशानुसार काम करेंगे।”
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.