‘वंदे मातरम’ विवाद में सोनिया गांधी की बढ़ीं मुश्किलें, BJP नेता ने थाने में दी शिकायत

HIGHLIGHTS
- शिकायत मंगलूरू के उरवा थाने में दर्ज कराई गई है।
- भाजपा नेता विकास पुत्तुर ने सोनिया गांधी के खिलाफ शिकायत दी।
- मामला नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में हुए स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम से जुड़ा है।
कर्नाटक के मंगलूरू में भाजपा नेताओं ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ उरवा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। यह शिकायत स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ गाने के दौरान सोनिया गांधी के हाव-भाव को लेकर हुए विवाद के बाद की गई है।
भाजपा नेता ने क्या कहा?
मंगलुरु में भाजपा नेता विकास पुत्तुर ने कहा, “कल कांग्रेस पार्टी की हरकतों को पूरे भारत ने देखा है। कांग्रेस पार्टी लंबे समय से वंदे मातरम का विरोध करती रही है। कल कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय में ध्वजारोहण कार्यक्रम हो रहा था। इसी दौरान वंदे मातरम बजाया गया। तब सोनिया गांधी ने कार्यक्रम में रुकावट डाली। हमने और पूरे देश ने देखा कि वह अपने पार्टी कार्यकर्ताओं को वंदे मातरम रोकने के लिए कह रही थीं और उन्हें निर्देश दे रही थीं।”
उन्होंने आगे कहा कि इस मामले में कानूनी कार्रवाई हो सकती है। उन्होंने कहा कि आज वंदे मातरम को हमारे राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के समान माना जाता है। कोई भी इसका अपमान करता है, चाहे उसका पद कुछ भी हो या उसके पास कितनी भी ताकत हो, उस पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
विकास पुत्तुर ने कहा, “इसी वजह से मैंने उरवा थाने में सोनिया गांधी के खिलाफ आधिकारिक शिकायत दी है। मैंने पुलिस से उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। अगर राज्य की कांग्रेस सरकार और पुलिस कार्रवाई करने में नाकाम रहती है, तो मैं कर्नाटक हाईकोर्ट में पीसीआर दाखिल करूंगा। मुझे न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है।”
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.