हिसार रोडवेज डिपो में कर्मचारियों की हड़ताल, 259 बसों के पहिए थमे

HIGHLIGHTS
- कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच तीन दौर की बातचीत के बावजूद सहमति नहीं बन सकी।
- वार्ता विफल होने के बाद कर्मचारियों ने नारेबाजी कर विरोध जताया।
- लंबित मांगों को लेकर सांझा संघर्ष समिति का धरना 38वें दिन भी जारी रहा।
हरियाणा रोडवेज के हिसार डिपो में कर्मचारियों की हड़ताल के चलते बसों का संचालन ठप हो गया है। शुक्रवार रात 3:30 बजे से डिपो की बसें नहीं चल रही हैं। लंबित वित्तीय भत्तों का भुगतान न होने से नाराज कर्मचारियों ने शुक्रवार रात से ही बसों का रात्रि संचालन बंद कर दिया था। शनिवार, 31 अक्टूबर को पूरे डिपो में हड़ताल का ऐलान किया गया है। इसके तहत कुल 259 बसें नहीं चलेंगी। इनमें हिसार डिपो की 181 और हांसी डिपो की 78 बसें शामिल हैं।
कर्मचारी नेताओं और अधिकारियों के बीच शुक्रवार रात करीब पौने दस बजे तक बातचीत हुई, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी। वार्ता में एसडीएम ज्योति मित्तल और रोडवेज महाप्रबंधक राहुल मित्तल शामिल थे। अधिकारियों के रोडवेज परिसर से बाहर निकलने के बाद कर्मचारियों ने नारेबाजी कर अपना विरोध जताया। बस अड्डा परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया है।
हड़ताल पर जाने से पहले रोडवेज कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर यूनियन की ओर से शुक्रवार को तीन चरणों में वार्ता की गई। पहली बैठक रोडवेज महाप्रबंधक राहुल मित्तल के साथ हुई। इसके बाद दूसरी और तीसरी बैठक एसडीएम ज्योति मित्तल के साथ हुई, जिसमें कर्मचारी नेताओं के अलावा सांझा मोर्चा के राज्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
हिसार डिपो में कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर सांझा संघर्ष समिति के नेतृत्व में धरना 38वें दिन भी जारी रहा।
मांगों पर समाधान नहीं होने से कर्मचारियों में नाराजगी
इससे पहले वीरवार को भी डिपो महाप्रबंधक राहुल मित्तल ने सांझा मोर्चा के पदाधिकारियों के साथ बैठक बुलाई थी। मांगों का समाधान नहीं होने पर पदाधिकारियों ने आधे घंटे बाद ही बैठक का बहिष्कार कर दिया और बीच में ही बाहर आ गए।
समिति के सदस्यों का कहना है कि कर्मचारियों को अपने जायज वित्तीय अधिकार हासिल करने के लिए बार-बार संघर्ष करना पड़ रहा है। उनके मुताबिक, यह हड़ताल लंबित भत्तों के भुगतान के साथ कर्मचारियों के सम्मान और न्याय की लड़ाई है। कर्मचारियों ने एकजुट होकर चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों का ठोस समाधान नहीं किया जाता, आंदोलन जारी रहेगा।
5 और 6 नवंबर को प्रदेश स्तर पर हड़ताल की तैयारी
यूनियन पदाधिकारी संदीप जैनावास ने बताया कि 31 अक्टूबर को हिसार डिपो में हड़ताल का आह्वान किया गया है। इसके बाद 5 और 6 नवंबर को स्टेट कमेटी की ओर से हड़ताल की कॉल दी गई है।
इस दौरान कर्मचारी नेता बजरंग लाखा, जितेंद्र शर्मा, अरुण शर्मा, अनूप श्योकंद, पवन कन्नोह, जोगेंद्र पंघाल और नरेंद्र खरड़ सहित अन्य मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.