बिहार में नई सरकार का शपथ ग्रहण: गांधी मैदान में तैयारियां तेज, प्रशासन ने संभाली कमान

पटना। बिहार में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के लिए राजधानी गांधी मैदान में तैयारियां पूरी तेजी से जारी हैं। सोमवार को जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और अन्य एजेंसियों की संयुक्त टीम ने स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
गांधी मैदान को कार्यक्रम के अनुसार अलग-अलग जोनों में बांटा गया है, जिससे भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा पर ध्यान रखा जा सके। सामान्य प्रशासन विभाग ने 25 बिहार प्रशासनिक सेवा (BAS) अधिकारियों को समारोह के लिए प्रतिनियुक्त किया है, जिनमें से पांच अधिकारी विशेष अतिथियों के प्रबंध संभालेंगे।
मुख्य मंच को वीवीआईपी सुरक्षा मानकों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा बैरिकेडिंग, मीडिया क्षेत्र, अतिथियों के अलग मार्ग और बैठने की व्यवस्थाओं पर काम चल रहा है। पंडाल, प्रकाश व्यवस्था और साउंड सिस्टम की जिम्मेदारी विभिन्न एजेंसियों को सौंपी गई है।
सोमवार को प्रमंडलीय आयुक्त अनिमेश कुमार पराशर, रेंज आईजी जीतेन्द्र राणा और जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस एम समेत अधिकारियों ने मैदान का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पंडाल निर्माण सामग्री भी बड़ी संख्या में उतारी गई।
नगर निगम की टीमें मैदान में सफाई अभियान चला रही हैं। इसके अलावा पेयजल स्टॉल, मोबाइल टॉयलेट और फायर सेफ्टी उपकरण की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। प्रशासन का कहना है कि समारोह भव्य, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न होगा। इसमें राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में आम लोग शामिल होंगे।
दस साल बाद गांधी मैदान में शपथ ग्रहण
नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह दस साल बाद गांधी मैदान में होगा। इससे पहले 2015 में यह कार्यक्रम हुआ था। नीतीश कुमार ने पहली बार 2005 में गांधी मैदान में शपथ ली थी। 2010 और 2015 में भी समारोह इसी मैदान में आयोजित हुआ था। 2020 में कोरोना के कारण समारोह राजभवन में हुआ था।
अधिकारियों के अवकाश पर रोक
शपथ ग्रहण समारोह को देखते हुए पटना के जिलाधिकारी ने जिले के सभी अधिकारियों के अवकाश पर 20 नवंबर तक रोक लगा दी है। अधिकारियों को विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न जिम्मेदारियों में तैनात किया जाएगा। किसी भी विशेष परिस्थिति में अवकाश लेने के लिए अधिकारियों को वरीय प्रभारी के माध्यम से आवेदन कर जिलाधिकारी से अनुमति लेनी होगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.