राहुल गांधी का आरोप: बेरोजगारी और भ्रष्टाचार बढ़ाने में केंद्र जिम्मेदार

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को केंद्र सरकार पर बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब तक चुनाव निष्पक्ष तरीके से नहीं होंगे और वोट चोरी होती रहेगी, तब तक युवाओं को रोजगार के अवसर नहीं मिल पाएंगे।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर हिंदी में पोस्ट करते हुए लिखा कि आज भारत के युवाओं के सामने सबसे बड़ी चुनौती बेरोजगारी है और यह सीधे-सीधे वोट चोरी से जुड़ी हुई है।
“रोजगार देना सरकार का पहला कर्तव्य”
राहुल गांधी ने कहा, “जब कोई सरकार जनता का विश्वास जीतकर सत्ता में आती है, तो उसका पहला कर्तव्य युवाओं को रोजगार और अवसर उपलब्ध कराना होता है। लेकिन भाजपा ईमानदारी से चुनाव नहीं जीतती। सत्ता में बने रहने के लिए वे वोट चोरी करते हैं और संस्थाओं को अपने नियंत्रण में रखते हैं। इसी कारण बेरोजगारी 45 साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है। सरकारी नौकरियों में भर्ती प्रक्रिया ठप है, परीक्षाओं के पेपर लीक हो रहे हैं और हर भर्ती घोटाले में भ्रष्टाचार झलकता है।”
प्रधानमंत्री मोदी पर हमला
कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाने पर लेते हुए कहा, “देश का युवा मेहनत करता है और अपने भविष्य के लिए संघर्ष करता है, लेकिन मोदी जी का ध्यान केवल पीआर पर है। कभी मशहूर हस्तियों से अपनी तारीफ करवाने में और कभी बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने में। सरकार अब युवाओं की उम्मीदें तोड़ने वाली बन चुकी है।”
वीडियो भी साझा किया
राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट के साथ एक वीडियो भी साझा किया। इसमें एक ओर नौकरी की मांग कर रहे छात्रों पर पुलिस लाठीचार्ज करती नजर आ रही है, जबकि दूसरी ओर प्रधानमंत्री मोदी पौधारोपण, योग और मोर को दाना खिलाते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा, “सच्ची देशभक्ति अब भारत को बेरोजगारी और वोट चोरी से मुक्त कराने में है।”
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.