कड़ाके की ठंड का कहर: कई राज्यों में शीतलहर, कोहरे को लेकर अलर्ट जारी

नई दिल्ली। देश के अधिकांश हिस्सों में सर्दी का असर तेज़ होता जा रहा है। पहाड़ी राज्यों से लेकर मैदानी इलाकों तक तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। ठंड बढ़ने के साथ ही शीतलहर और घना कोहरा आम जनजीवन को प्रभावित कर रहा है। कई क्षेत्रों में दृश्यता कम होने से आवागमन में भी परेशानी बढ़ गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत के कई हिस्सों में अगले 5 से 7 दिनों तक सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। ऐसे में ठंड का यह दौर फिलहाल थमता नजर नहीं आ रहा।
7 जनवरी को कैसा रहेगा मौसम
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक 7 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और छत्तीसगढ़ में शीतलहर चलने के आसार हैं।
बहुत घने कोहरे की चेतावनी
IMD ने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में बहुत घना कोहरा छा सकता है। इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, बिहार, हिमाचल प्रदेश, जम्मू क्षेत्र, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी घने कोहरे की संभावना जताई गई है।
उत्तर प्रदेश में सर्दी का असर
उत्तर प्रदेश में ठंड का प्रकोप बना हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटों में तापमान में और गिरावट हो सकती है। हालांकि, दिन में धूप निकलने और कोहरे में थोड़ी कमी आने से कुछ राहत जरूर मिल रही है, लेकिन रात और सुबह की ठंड अभी परेशान करती रहेगी।
बिहार में ‘कोल्ड डे’ जैसे हालात
बिहार के कई जिलों में भीषण ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, 10 जनवरी तक पटना, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, सहरसा और गया सहित कई इलाकों में कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी रह सकती है।
राजस्थान में गिरा पारा
राजस्थान में सर्दी ने जोर पकड़ लिया है। जयपुर समेत कई जिलों में न्यूनतम तापमान गिरकर 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। जैसलमेर, बाड़मेर, फलोदी और डूंगरपुर को छोड़कर अधिकांश जिलों में तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 10 जनवरी तक ठंड का यही असर बना रह सकता है।
जम्मू-कश्मीर में बढ़ी ठिठुरन
जम्मू-कश्मीर में शुष्क मौसम के बीच न्यूनतम तापमान लगातार नीचे जा रहा है। कश्मीर घाटी में तापमान में 1 से 2 डिग्री की और गिरावट से शीतलहर तेज हो गई है। ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जबकि निचले क्षेत्रों में लोग पहली बर्फबारी का इंतजार कर रहे हैं।
दिल्ली-एनसीआर का हाल
दिल्ली-एनसीआर में घने कोहरे से कुछ राहत मिली है, लेकिन ठंड और गलन बरकरार है। दिन में धूप निकलने से अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी हुई है, हालांकि सुबह और रात की सर्दी अब भी लोगों को परेशान कर रही है।
मध्य प्रदेश और उत्तराखंड
मध्य प्रदेश में शीतलहर और कोहरे का असर जारी है। सुबह के समय घनी धुंध के कारण दृश्यता कम हो रही है और अधिकांश शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है।
उत्तराखंड में मौसम शुष्क है। केदारनाथ और अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी हो रही है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में कोहरा छाया हुआ है। मौसम विभाग ने पहाड़ी इलाकों में पाले और मैदानों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.