यूपी में भीषण गर्मी का कहर, 22 जिलों में लू का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में गर्मी का असर लगातार तेज होता जा रहा है और कई जिलों में हालात और भी कठिन बने हुए हैं। बुधवार को बुंदेलखंड सहित प्रदेश के कई हिस्सों में गर्म हवाओं और लू ने लोगों को बेहाल कर दिया। बांदा सबसे अधिक गर्म जिला रहा, जिसने न सिर्फ प्रदेश बल्कि देशभर में तीसरा स्थान दर्ज किया। मौसम विभाग का अनुमान है कि 25 अप्रैल तक तापमान में और बढ़ोतरी होगी, जिससे लू प्रभावित क्षेत्रों का दायरा भी बढ़ सकता है। फिलहाल अगले कुछ दिनों तक राहत की कोई संभावना नहीं दिख रही है।
मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए प्रदेश के 22 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। बुधवार को बांदा में अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि प्रयागराज 43.7 डिग्री के साथ दूसरे स्थान पर रहा।
लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 26 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से बादल बढ़ेंगे और पश्चिमी यूपी तथा तराई क्षेत्रों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है, जिससे तापमान में कुछ गिरावट आने के आसार हैं।
जिन जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है उनमें बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, आगरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी सहित आसपास के क्षेत्र शामिल हैं।
लखनऊ में भी गर्मी का असर तेज बना हुआ है। बुधवार को राजधानी में झुलसाने वाली धूप के साथ पछुआ हवाओं ने गर्मी को और बढ़ा दिया। मौसम विभाग के अनुसार, यहां अगले तीन दिनों तक तापमान में बढ़ोतरी जारी रहेगी और 24 व 25 अप्रैल को लू चलने की चेतावनी दी गई है। बुधवार को अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन की तुलना में लगभग 0.9 डिग्री अधिक रहा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.