मुजफ्फरनगर में पुलिस मुठभेड़ में गोकश मुकीम घायल, 2013 से चल रहा था फरार

HIGHLIGHTS
- मुखबिर से गोकशी की वारदात की तैयारी कर रहे बदमाश की सूचना मिली थी।
- पुलिस को देखकर आरोपी ने बाइक से भागने और ईख के खेत में छिपने की कोशिश की।
- आरोपी की पहचान ग्राम निराना निवासी मुकीम उर्फ भूरा के रूप में हुई।
मुजफ्फरनगर के नई मंडी थाना क्षेत्र में शनिवार (31 अक्टूबर) की रात पुलिस और एक शातिर गोकश के बीच मुठभेड़ हो गई। रथेड़ी कट के पास हुई इस मुठभेड़ में बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी के पास से 315 बोर का तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस बरामद हुए हैं। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ली है।
चेकिंग के दौरान पुलिस को मिली गोकशी की सूचना
पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात नई मंडी थाना पुलिस रथेड़ी कट के नजदीक संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि एक गोकश मोटरसाइकिल से गोकशी की घटना को अंजाम देने के इरादे से आ रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने सतर्कता बढ़ा दी।
कुछ देर बाद नसीरपुर की ओर से एक बाइक आती दिखाई दी। पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने बाइक रोकने के बजाय मोड़कर तेज रफ्तार से भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने पीछा किया तो एक तीव्र मोड़ पर मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई।
इसके बाद आरोपी बाइक छोड़कर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने लगा और पास के ईख के खेत में घुस गया।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली
पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। पूछताछ के दौरान उसकी पहचान मुकीम उर्फ भूरा पुत्र शकील, निवासी ग्राम निराना, थाना सिखेड़ा, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई।
पुलिस ने घटनास्थल से 315 बोर का एक तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है।
2013 के गोकशी मामले में था फरार
सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि गिरफ्तार मुकीम सिखेड़ा थाने का सक्रिय हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ आधा दर्जन से ज्यादा आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
उन्होंने बताया कि आरोपी वर्ष 2013 में दर्ज गोकशी के एक मामले में भी शामिल था। इस मामले में अदालत से स्टे मिलने के बाद वह फरार हो गया था और तभी से पुलिस को चकमा दे रहा था।
मुठभेड़ में घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.