शामली: महीनों से जलभराव से परेशान ग्रामीण, घरों पर लगाए पलायन के पोस्टर

शामली। जनपद के बाबरी थाना क्षेत्र स्थित गोगवान जलालपुर गांव में लंबे समय से जारी जलभराव ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। तालाब के ओवरफ्लो होने और पानी निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण गांव की गलियों में गंदा पानी जमा है, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
लगातार बनी इस समस्या से नाराज ग्रामीणों ने अब विरोध का नया तरीका अपनाया है। उन्होंने अपने घरों के बाहर ‘पलायन, मकान बिकाऊ है’ के पोस्टर लगाकर प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे गांव छोड़ने को मजबूर होंगे।
महीनों से जलभराव, रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित
ग्रामीणों का कहना है कि कई महीनों से मोहल्ले की सड़कों पर गंदा पानी भरा हुआ है, जिससे आवागमन बेहद कठिन हो गया है। बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी हो रही है, जबकि महिलाओं को मंदिर और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए भी जलभराव से होकर गुजरना पड़ता है। गांव का मुख्य संपर्क मार्ग भी प्रभावित होने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
बीमारी और जहरीले जीवों का खतरा
गंदे पानी के कारण गांव में संक्रमण और बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। ग्रामीणों का दावा है कि कई लोग, खासकर बच्चे और महिलाएं बीमार पड़ चुके हैं। इसके साथ ही जलभराव वाले क्षेत्रों में सांप और बिच्छू जैसे जहरीले जीवों के आने से दहशत का माहौल बना हुआ है। रात के समय लोगों को सतर्क रहना पड़ता है।
प्रशासन का ध्यान खींचने के लिए लगाया गया पोस्टर
शनिवार को कई ग्रामीणों ने अपने घरों पर ‘पलायन, मकान बिकाऊ है’ के पोस्टर लगाकर प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की। स्थानीय निवासियों में सुनील, मदनपाल, मूलचंद, गणपत, कपिल, चमन सिंह, अनुज और राजपाल समेत कई लोग शामिल हैं। ग्रामीण महिलाओं ने भी पानी भराव को लेकर नाराजगी जताई है और मच्छरों व बीमारियों के खतरे की बात कही है।
अधिकारियों का बयान
ग्राम प्रधान सुषमा राणा ने बताया कि पानी निकासी के लिए पहले मशीन लगाई गई थी, लेकिन स्थानीय विरोध के कारण उसे हटाना पड़ा। उन्होंने आश्वासन दिया कि समस्या के समाधान के लिए दोबारा प्रयास किए जाएंगे। वहीं कार्यवाहक मुख्य विकास अधिकारी प्रेमचंद ने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं थी, लेकिन अब जल्द समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जाएंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.