यूपी में सपा को मिली मजबूती, पूर्व सांसद राजपाल सैनी समेत कई नेता पार्टी में शामिल

HIGHLIGHTS
- राजपाल सैनी वर्ष 2010 से 2016 तक बसपा के राज्यसभा सांसद रहे थे।
- वर्ष 2002-03 में बसपा सरकार के दौरान राजपाल सैनी मंत्री भी रह चुके हैं।
- विदुप अग्रहरि, रवि प्रताप सिंह और हरवीर मलिक ने भी सपा की सदस्यता ली।
लखनऊ: पूर्व सांसद राजपाल सैनी ने शुक्रवार को भाजपा छोड़कर समाजवादी पार्टी (सपा) का दामन थाम लिया। उनके साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के कई अन्य नेता भी सपा में शामिल हुए। इस मौके पर सपा अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि यह तो केवल शुरुआत है। उन्होंने बताया कि अभी दूसरे दलों के कई विधायकों का स्वागत करना शुरू नहीं किया गया है। कई दल मोलभाव कर रहे हैं और सपा उनकी ओर भी ध्यान देगी। अखिलेश यादव का इशारा सत्ताधारी गठबंधन में शामिल दलों की तरफ था।
शुक्रवार को भाजपा, बसपा, आजाद समाज पार्टी, निषाद पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल के कई नेता अपने समर्थकों के साथ समाजवादी पार्टी में शामिल हुए। सपा की सदस्यता लेने वालों में भाजपा नेता और बसपा के पूर्व राज्यसभा सांसद राजपाल सैनी, पूर्व सांसद श्यामाचरण गुप्ता के बेटे विदुप अग्रहरि, बरेली मंडल क्षत्रिय महासभा के उपाध्यक्ष और बदायूं निवासी भाजपा नेता रवि प्रताप सिंह शामिल रहे।
इनके अलावा भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य और शामली निवासी हरवीर मलिक, बसपा के टिकट पर पीलीभीत विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके शाने अली, गाजियाबाद लोकसभा क्षेत्र से बसपा प्रत्याशी रहे ठाकुर नंद किशोर पुंडीर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आजाद समाज पार्टी के प्रभारी कमल गौतम ने भी सपा की सदस्यता ग्रहण की।
राजपाल सैनी वर्ष 2010 से 2016 तक बसपा की ओर से राज्यसभा सांसद रहे थे। वर्ष 2002-03 में बसपा सरकार के दौरान उन्होंने मंत्री पद भी संभाला था। इसके अलावा, वर्ष 2007 में मायावती सरकार बनने के बाद उन्हें राज्य खाद बीज निगम का चेयरमैन नियुक्त किया गया था।
निषाद पार्टी के शामली निवासी शोकेंद्र आचार्य के साथ राष्ट्रीय लोकदल के संजीव प्रधान, राजेंद्र मलिक, बिजेंद्र मलिक और शुभम मलिक भी समाजवादी पार्टी में शामिल हुए। इस कार्यक्रम में सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, सांसद हरेंद्र मलिक और सांसद इकरा हसन भी मौजूद रहीं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.