संसद प्रदर्शन में जमा 2.15 लाख रुपये दान करने हनुमान मंदिर पहुंचे सपा सांसद

HIGHLIGHTS
- विपक्षी सांसदों ने 31 जुलाई को संसद परिसर में प्रदर्शन किया था।
- प्रदर्शन के दौरान 2 लाख 15 हजार 490 रुपये जमा हुए थे।
- सपा सांसद अवधेश प्रसाद और धर्मेंद्र यादव समेत कई नेता मंदिर पहुंचे।
समाजवादी पार्टी के सांसद गुरुवार को संसद परिसर में प्रदर्शन के दौरान जमा हुए पैसों को दान करने के लिए कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर पहुंचे। विपक्ष ने संसद के मानसून सत्र के दौरान प्रदर्शन के दौरान 2 लाख 15 हजार 490 रुपये जमा किए थे। इन पैसों को जमा कराने के लिए सपा सांसद हनुमान मंदिर पहुंचे हैं। सपा सांसदों में अयोध्या सांसद अवधेश प्रसाद और धर्मेंद्र यादव समेत कई सांसद शामिल हैं।
बता दें कि अयोध्या के राम मंदिर में हुई चंदा चोरी के खिलाफ विपक्षी सांसदों ने 31 जुलाई को संसद परिसर में मोदी सरकार के खिलाफ एक अनोखा प्रदर्शन किया था। इस दौरान पूर्णिया से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने एक नुक्कड़ नाटक का मंचन किया था। पप्पू यादव भगवा वस्त्र पहनकर पुजारी के भेष में थे। उनके हाथ में भगवान राम की तस्वीर और दानपेटी थी। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत कई विपक्षी सांसदों ने इस दौरान श्रद्धालु बनकर उस दानपेटी में पैसे डाले।
जैसे ही राहुल गांधी ने पैसे डाले, पप्पू यादव ने उन पैसों को दानपेटी में रखने के बजाय तुरंत अपनी जेब में डाल लिया। इसके बाद वह दानपेटी लेकर भागने लगे। इसके बाद सपा सांसद अवधेश प्रसाद और अन्य विपक्षी नेताओं ने पप्पू यादव को पकड़ा और उन्हें सजा देने की मांग की। इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस, सपा और इंडिया गठबंधन के कई नेताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर नारेबाजी की थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.